शादी का झांसा देकर शारीरिक संबंध बनाने का मामला सामने आया है। आरोप है कि सैन्य कर्मी ने झूठ बोलकर विवाहित महिला को प्रेम जाल में फंसाया और चार साल तक उसके साथ शारीरिक संबंध बनाता रहा। महिला ने एसएसपी से न्याय की गुहार लगाई है।
गदरपुर निवासी एक महिला ने बताया कि वह पहले से शादीशुदा है और उसके तीन बच्चे हैं। चार साल पहले उसकी मुलाकात गूलरभोज निवासी एक युवक से हुई थी। वह वर्तमान में आर्मी में तैनात है। आरोप है कि युवक ने उससे शादी का वादा किया और उसके बच्चों को भी साथ में रखने की बात कही। उसने युवक पर विश्वास कर उसके कहने पर शारीरिक संबंध बनाती रही। दोनों के प्रेम प्रसंग के बारे में युवक के भाइयों को भी पता था। कुछ दिन पूर्व उसे पता चला कि युवक की डेढ़ साल पहले शादी हो चुकी है। जब उसने युवक से बात करनी चाही तो वह मुकरने लगा और दबाव डालने पर उसे जान से मारने की धमकी देने लगा। एसएसपी अजय गणपति ने बताया कि मामले में संबंधित कोतवाली को जांच के निर्देश दिए गए हैं। जांच के आधार पर अग्रिम कार्रवाई की जाएगी।
