फल-सब्जियों के मनमाने दामों से जनता को निजात दिलाने के लिए कृषि उत्पादन मंडी समितियों ने जिले भर में बड़ा अभियान शुरू किया है। काशीपुर मंडी में जहाँ सस्ते रिटेल काउंटर खोलने की तैयारी है, वहीं जसपुर और सितारगंज में मुनाफाखोरों और बिना लाइसेंस वाले व्यापारियों पर शिकंजा कसा गया है।
बिना लाइसेंस व्यापार पर होगी कार्रवाई, 28 अप्रैल तक मौका
रुद्रपुर में मंडी सचिव दिग्विजय सिंह देव ने बताया कि संबंधित व्यापारियों को लाइसेंस प्राप्त करने के लिए तीन पासपोर्ट साइज फोटो और आधार कार्ड की छायाप्रति के साथ समिति कार्यालय में आवेदन करना होगा। इसके लिए निर्धारित लाइसेंस शुल्क मात्र 101 रुपये रखा गया है। व्यापारी 28 अप्रैल तक लाइसेंस बनवा सकते हैं।
काशीपुर: मंडी परिसर में खुलेंगे दो फुटकर काउंटर
मंडी परिषद के अध्यक्ष अनिल कपूर ””डब्बू”” के निर्देश पर काशीपुर मंडी में दो विशेष रिटेल काउंटर स्थापित किए जा रहे हैं। इन काउंटरों पर आम लोग थोक भावों के बेहद करीब फल और सब्जियां खरीद सकेंगे। स्थान चिन्हित कर लिए गए हैं और एक-दो दिन में बिक्री शुरू हो जाएगी।
मंडी सचिव योगेश तिवारी ने बताया कि थोक मूल्य से अत्यधिक दाम वसूलने वालों पर भारी जुर्माना लगेगा। अब फुटकर विक्रेताओं को अपनी दुकान और ठेले पर रेट लिस्ट (मूल्य सूची) लगानी होगी।
जसपुर में मुनाफे की सीमा तय, 48 लाइसेंस जारी
जसपुर में एसडीएम राहुल शाह और मंडी सचिव शैलेंद्र माहरा ने संयुक्त अभियान चलाकर 48 नए लाइसेंस बनाए। व्यापारियों को कड़ी हिदायत दी गई है कि वे खरीद मूल्य से 20-25 प्रतिशत से अधिक मुनाफा नहीं ले सकते। बिना लाइसेंस व्यापार करने वालों को स्पष्ट चेतावनी दी गई है कि नियमों का उल्लंघन करने पर कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
सितारगंज और बाजपुर में छापामारी से खलबली
सितारगंज: मंडी सचिव विनोद पलाडिया के नेतृत्व में सचल दल ने दुकानों का औचक निरीक्षण किया। बिना लाइसेंस कारोबार कर रहे व्यापारियों को 3 दिन का अल्टीमेटम दिया गया है। लाइसेंस न बनने पर उनका मंडी प्रवेश प्रतिबंधित कर दिया जाएगा।
बाजपुर: बन्नाखेड़ा क्षेत्र में सचल दल ने छापेमारी कर 10 व्यापारियों को बिना लाइसेंस व्यापार करते पकड़ा। टीम ने मौके पर ही उनके लाइसेंस जारी कर भविष्य के लिए सख्त चेतावनी दी।
गदरपुर में नौ फुटकर विक्रेताओं ने लाइसेंस के लिए किए आवेदन
गदरपुर। सचल दल ने शनिवार को स्थानीय बाजार का औचक निरीक्षण किया। सूचना पर पालिकाध्यक्ष मनोज गुंबर पहुंचे। टीम के जानकारी देने के बाद नौ फुटकर विक्रेताओं ने लाइसेंस के लिए आवेदन किए। इनमें से चार फुटकर व्यापारियों को लाइसेंस जारी
