नैनीताल। शहर के कलेक्ट्रेट पार्किंग क्षेत्र में सोमवार को उस समय सनसनी फैल गई, जब एक कार के अंदर वकील का शव मिलने से हड़कंप मच गया। मृतक की पहचान अधिवक्ता पूरन सिंह भाकुनी के रूप में हुई है, जिन्होंने कथित तौर पर खुद को गोली मारकर आत्महत्या कर ली।
जानकारी के अनुसार, सुबह करीब 11:30 बजे कोर्ट परिसर में रोजाना की तरह वकील अपने काम में व्यस्त थे। इसी दौरान पार्किंग में खड़ी एक कार से गोली चलने की आवाज सुनाई दी। मौके पर पहुंचे लोगों ने कार के अंदर देखा तो अधिवक्ता भाकुनी खून से लथपथ अवस्था में मिले। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।
पुलिस को मौके से एक पिस्टल और सुसाइड नोट बरामद हुआ है। हालांकि, पुलिस ने अभी आधिकारिक रूप से नोट की सामग्री साझा नहीं की है, लेकिन सूत्रों के अनुसार उसमें बीमारी से परेशान होने और जीवन से हार मानने की बात लिखी गई है। साथ ही, अधिकारियों से उनकी पत्नी का ध्यान रखने की अपील भी की गई है।
मामले की गंभीरता को देखते हुए फॉरेंसिक टीम को भी बुलाया गया है, जो घटनास्थल से साक्ष्य जुटा रही है। शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है। एसपी डॉ. जगदीश चंद्र ने बताया कि सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच की जा रही है और सुसाइड नोट की सत्यता की भी पुष्टि की जाएगी।
सूत्रों के मुताबिक, पूरन सिंह भाकुनी की शादी करीब एक साल पहले हुई थी। बताया जा रहा है कि कुछ समय पहले उन्होंने अपना करोड़ों रुपए का मकान कम कीमत में बेच दिया था, जिसके बाद से वे मानसिक तनाव में थे। वर्तमान में वे अपनी पत्नी के साथ किराए के मकान में रह रहे थे।
