बिजनौर जेल में एक कैदी की फंदे से लटककर मौत हो गई है, जिसने जेल प्रशासन पर सवालों के घेरे में खड़ा कर दिया है। मृतक की पहचान दीपक पुत्र चंद्रपाल निवासी गांव पृथ्वीपुर के रूप में हुई है। दीपक 18 फरवरी 2025 से लूट के मामले में जेल में बंद था। इस घटना के बाद मृतक के परिवारजनों और गांव वालों ने पोस्टमार्टम हाउस पर पहुंचकर जमकर हंगामा किया और आत्महत्या किए जाने की बात पर गहरा संदेह जताया।
जानकारी के अनुसार, घटना रविवार दोपहर के समय हुई, जब जेल के बंदियों को बैरक से बाहर निकाला गया था ताकि वे अपना भोजन कर सकें। इसी दौरान दीपक जेल परिसर में स्थित एक आम के पेड़ के पास पहुंचा और कथित तौर पर रस्सी से फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना की सूचना मिलते ही वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एएएसपी) सिटी और तहसीलदार ने तत्काल घटनास्थल पर पहुंचकर मामले की जांच शुरू कर दी है।
परिजनों का आरोप और आक्रोश
पोस्टमार्टम हाउस पर पहुंचे मृतक दीपक के परिवारजनों और गांव वालों ने जेल प्रशासन पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि दीपक आत्महत्या जैसा कदम नहीं उठा सकता था और इस घटना के पीछे कोई गहरी साजिश हो सकती है। उन्होंने आत्महत्या की बात को सिरे से खारिज करते हुए निष्पक्ष जांच की मांग की है। परिजनों के आक्रोश को देखते हुए पुलिस और प्रशासन ने उन्हें समझाने का प्रयास किया, लेकिन वे अपनी मांगों पर अड़े रहे।
फिलहाल पुलिस मामले की गहराई से जांच कर रही है। घटनास्थल का मुआयना करने के साथ-साथ जेल अधिकारियों और अन्य बंदियों से भी पूछताछ की जा रही है। जेल के कैमरे भी देखें जा रहे हैं। पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है, जिसके बाद ही मौत के कारणों का स्पष्ट खुलासा हो सकेगा। हालांकि, परिजनों के तीखे तेवर और उठाए गए सवालों के चलते इस मामले की जांच और भी जटिल हो गई है। प्रशासन की ओर से मामले को शांत करने और निष्पक्ष जांच का आश्वासन दिया गया है।
