IMG_20260430_192808

रुद्रपुर में पुलिस और एएनटीएफ की संयुक्त कार्रवाई में युवती समेत तीन लोगों को नशीले इंजेक्शन और गोलियों के साथ गिरफ्तार किया गया। आरोपियों के पास से भारी मात्रा में बुप्रेनारफिन गोलियां, एविल, डायजेपाम और इंजेक्शन बरामद हुए हैं।

एसपी क्राइम जितेंद्र चौधरी के अनुसार शनिवार रात आवास विकास चौकी पुलिस और एएनटीएफ टीम किच्छा बाइपास रोड स्थित मोदी मैदान के पास वाहन चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान पुलिस को देखकर एक बाइक सवार तीन युवक वापस मुड़ने लगे, लेकिन बाइक अनियंत्रित होकर गिर गई। शक होने पर पुलिस ने तीनों को पकड़ लिया।

तलाशी के दौरान उनके बैग से 41 बुप्रेनारफिन गोलियां, 67 शीशी एविल, 22 शीशी डायजेपाम और 20 बुप्रेनारफिन इंजेक्शन बरामद किए गए। साथ ही बाइक, दो मोबाइल फोन और नकदी भी कब्जे में ली गई।

पूछताछ में आरोपियों ने अपनी पहचान अमित विश्वास निवासी बिलासपुर रामपुर, अजय सागर उर्फ सोनू निवासी ट्रांजिट कैंप रुद्रपुर और प्रिया निवासी खुर्फियाफार्म किच्छा के रूप में बताई। आरोपियों ने पुलिस को बताया कि वे सिडकुल और रुद्रपुर क्षेत्र में नशीले इंजेक्शन और गोलियां बेचते थे। पुलिस के मुताबिक यह नशीला सामान किच्छा निवासी बबलू से खरीदा गया था। तीनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट में मुकदमा दर्ज कर कोर्ट में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया।

error: Content is protected !!