Hony-Trap-1778504461054_m

खटीमा। ऊधम सिंह नगर जिले के खटीमा क्षेत्र में अर्द्धसैनिक बल के एक जवान को हनी ट्रैप में फंसाकर 10 लाख रुपये की मांग करने का मामला सामने आया है। न्यायालय के आदेश पर पुलिस ने तेलंगाना निवासी महिला के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार, खटीमा-नेपाल सीमा पर तैनात अर्द्धसैनिक बल के जवान लक्समणा परिगा ने न्यायालय में दिए प्रार्थना पत्र में बताया कि मार्च 2025 में उसकी इंटरनेट मीडिया के माध्यम से तेलंगाना की एक महिला से बातचीत शुरू हुई थी। कुछ समय बाद महिला ने जवान पर पत्नी से तलाक लेकर उससे शादी करने का दबाव बनाना शुरू कर दिया।

जवान के अनुसार, जब उसने महिला से बातचीत बंद कर दी तो महिला ने वीडियो कॉलिंग के दौरान की रिकॉर्डिंग वायरल करने की धमकी दी। आरोप है कि महिला ने ऐसा नहीं करने के बदले 10 लाख रुपये की मांग की। जवान ने रुपये देने से इनकार करते हुए महिला का नंबर ब्लॉक कर दिया।

इसके बाद महिला ने जवान के विभाग में एक शिकायत भेजी, जिसमें आरोप लगाया गया कि दिसंबर 2023 में तेलंगाना के वारंगल जिले में विधानसभा चुनाव ड्यूटी के दौरान जवान ने उसके साथ संबंध बनाए थे। आरोप है कि महिला ने बाद में विभाग को कानूनी नोटिस भी भेजा।

जवान का कहना है कि महिला उसे हनी ट्रैप में फंसाकर 10 लाख रुपये वसूलना चाहती थी। उसने 12 दिसंबर 2025 को पुलिस को तहरीर भी दी थी, लेकिन कार्रवाई नहीं हुई। इसके बाद उसने न्यायालय की शरण ली। न्यायालय के निर्देश पर पुलिस ने तेलंगाना के वारंगल पोच्चम्मा मैदान निवासी सैयद आसमा यासमीन के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।

झनकइया थाना प्रभारी निरीक्षक देवेंद्र गौरव ने बताया कि मामले में प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

error: Content is protected !!