रुद्रपुर। तेल मिल व्यापारी के घर हुई करोड़ों रुपये की चोरी का पुलिस ने खुलासा करते हुए अंतरराज्यीय गिरोह के सरगना समेत तीन आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपितों के कब्जे से 389 ग्राम सोने के आभूषण, 3.417 किलो चांदी, तीन लाख रुपये की नकदी और चोरी में प्रयुक्त बाइक बरामद की है। तीनों आरोपितों को कोर्ट में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया।
एसएसपी अजय गणपति ने प्रेसवार्ता में बताया कि 18 अप्रैल को आवास विकास निवासी तेल मिल व्यापारी राजेंद्र गोयल परिवार सहित रामनगर में विवाह समारोह में गए थे। इसी दौरान 19 अप्रैल की रात चोरों ने उनके बंद घर को निशाना बनाकर भारी मात्रा में सोने-चांदी के आभूषण और नकदी चोरी कर ली थी।
मामले के खुलासे के लिए पुलिस और एसओजी टीम ने सीसीटीवी फुटेज खंगाले और संदिग्धों की पहचान की। शनिवार रात सूचना मिली कि चोरी करने वाला गिरोह सितारगंज के केशवनगर स्थित निर्माणाधीन मकान में मौजूद है। सूचना पर पुलिस ने घेराबंदी कर गिरोह के सरगना दीपक गुप्ता उर्फ जगदीश गुप्ता निवासी केशवनगर सितारगंज, अकील अहमद निवासी इस्लामनगर खटीमा और दीपक रस्तोगी उर्फ लड्डू निवासी शाहजहांपुर को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने उनके पास से चोरी किया गया माल और नकदी बरामद कर ली। मामले के खुलासे पर एसएसपी ने पुलिस और एसओजी टीम को पांच हजार रुपये इनाम देने की घोषणा की है।
सरगना पर हत्या के प्रयास समेत 18 मुकदमे दर्ज
पुलिस के अनुसार गिरोह का सरगना दीपक गुप्ता शातिर अपराधी है। उसके खिलाफ ऊधम सिंह नगर, नैनीताल, चंपावत और उत्तर प्रदेश के विभिन्न थानों में चोरी, हत्या के प्रयास, गैंगस्टर और साजिश समेत कई गंभीर धाराओं में 18 मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस अन्य दोनों आरोपितों का आपराधिक इतिहास भी खंगाल रही है।
बंद घर की रेकी कर दिया वारदात को अंजाम
जांच में सामने आया कि दीपक गुप्ता ने पहले कई दिनों तक व्यापारी के घर की रेकी की। घर में कोई गतिविधि नहीं दिखने पर गिरोह ने रात में चोरी की वारदात को अंजाम दिया। पुलिस के मुताबिक फिलहाल मामले में किसी स्थानीय व्यक्ति की संलिप्तता सामने नहीं आई है।
