IMG_20260516_083740

लखनऊ। उत्तर प्रदेश में वर्षों बाद शिक्षकों और शिक्षा विभाग से जुड़े रिक्त पदों पर बड़े पैमाने पर भर्ती प्रक्रिया तेज हो गई है। प्रदेश के अशासकीय सहायता प्राप्त (एडेड) महाविद्यालयों, माध्यमिक विद्यालयों, राजकीय इंटर कॉलेजों और बेसिक शिक्षा परिषद के स्कूलों में करीब 85 हजार पदों पर भर्ती की तैयारी चल रही है। संबंधित विभागों ने रिक्त पदों का अधियाचन उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग और उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग को भेजना शुरू कर दिया है।

जानकारी के अनुसार, राजकीय इंटर कॉलेजों में एलटी ग्रेड और प्रवक्ता संवर्ग के 8905 पदों का अधियाचन लोक सेवा आयोग को भेजा जा चुका है। इन पदों पर भर्ती प्रक्रिया भी प्रारंभ हो चुकी है। वहीं माध्यमिक शिक्षा विभाग ने सहायता प्राप्त विद्यालयों के 4512 स्कूलों में शिक्षकों और प्रधानाचार्यों के 23213 रिक्त पदों का ऑफलाइन अधियाचन शिक्षा सेवा चयन आयोग को भेज दिया है। ऑनलाइन अधियाचन अपलोड करने की प्रक्रिया भी जारी है।

उच्च शिक्षा विभाग में भी एडेड और राजकीय महाविद्यालयों के करीब 4000 पदों पर भर्ती की तैयारी की जा रही है। इनमें लगभग 2200 असिस्टेंट प्रोफेसर और 175 प्राचार्य पद एडेड कॉलेजों में शामिल हैं। इसके अलावा राजकीय डिग्री कॉलेजों में 1553 असिस्टेंट प्रोफेसर, 158 लिपिक व कनिष्ठ सहायक, 26 लिपिक और कई स्टेनो पदों के लिए भी अधियाचन भेजा गया है।

प्रदेश में वर्तमान में 330 एडेड, 216 राजकीय और 21 अल्पसंख्यक डिग्री कॉलेज संचालित हैं। अल्पसंख्यक कॉलेजों के करीब 150 पदों का अधियाचन अभी लंबित बताया जा रहा है। उच्च शिक्षा निदेशक डॉ. बीएल शर्मा ने कहा कि प्राप्त रिक्तियों को पोर्टल पर अपलोड किया जा रहा है।

बेसिक शिक्षा परिषद में भी होगी बड़ी भर्ती

बेसिक शिक्षा परिषद ने नगर क्षेत्र के करीब 15 हजार पदों का अधियाचन शिक्षा सेवा चयन आयोग को भेज दिया है। वहीं ग्रामीण क्षेत्रों में 30 हजार प्रधानाध्यापक और सहायक अध्यापक पदों पर भर्ती की तैयारी चल रही है। हालांकि इस प्रक्रिया पर हाईकोर्ट के एक आदेश के कारण कानूनी राय ली जा रही है। बेसिक शिक्षा परिषद के सचिव सुरेंद्र तिवारी ने बताया कि पदों की संख्या में आंशिक बदलाव संभव है।

2.17 लाख पद अभी भी रिक्त

शिक्षा मंत्रालय की संसदीय समिति की हालिया रिपोर्ट के मुताबिक उत्तर प्रदेश में शिक्षकों के 2.17 लाख पद रिक्त हैं। इनमें करीब 1.43 लाख पद प्राथमिक विद्यालयों के बताए गए हैं। समिति ने रिक्त पदों को जल्द भरने की सिफारिश की है।

प्रमुख प्रस्तावित भर्तियां

माध्यमिक विद्यालय : 23,213 पद

राजकीय इंटर कॉलेज : 8,905 पद

उच्च शिक्षा विभाग : करीब 4,000 पद

बेसिक शिक्षा परिषद (नगर क्षेत्र) : 15,000 पद

ग्रामीण क्षेत्र : 30,000 पद

बेसिक शिक्षा निदेशालय : 135 स्टेनो और 265 कनिष्ठ लिपिक समेत अन्य पद

एडेड विद्यालयों में 634 सहायक अध्यापक और 91 प्रधानाध्यापकों की नियुक्ति प्रक्रिया जारी

अधिकारियों समेत 1250 अन्य पदों पर भी भर्ती प्रस्तावित

error: Content is protected !!