anuj-crime_5d7810c3849fb881eb0f2de52c9575f6

रुद्रपुर। आईपीएल मैचों पर ऑनलाइन सट्टा लगाते हुए दिल्ली के एक सटोरिए को पुलिस और एसओजी टीम ने गिरफ्तार किया है। आरोपित के कब्जे से 92 हजार रुपये की नकदी, पांच मोबाइल फोन और एक लैपटॉप बरामद हुआ है। पुलिस ने आरोपित के खिलाफ जुआ अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है।

एसएसपी अजय गणपति ने बताया कि मंगलवार रात एसओजी प्रभारी उमेश कुमार और आवास विकास चौकी प्रभारी प्रकाश चंद्र के नेतृत्व में टीम गश्त पर थी। इसी दौरान सूचना मिली कि सिडकुल आनंदपुर रोड पर धर्मकांटे के आगे एक होंडा सिटी कार में बैठकर आईपीएल मैचों पर सट्टा लगाया जा रहा है।

सूचना पर पुलिस और एसओजी टीम ने मौके पर पहुंचकर कार की घेराबंदी की और कार में बैठे युवक को पकड़ लिया। पूछताछ में उसने अपना नाम रंजीत सिंह सैनी निवासी साद नगर पालम कॉलोनी, थाना पालम गांव, दिल्ली बताया।

तलाशी के दौरान पुलिस को कार से पांच मोबाइल फोन, एक लैपटॉप और 92 हजार रुपये नकद बरामद हुए। जांच में लैपटॉप में एक्सल शीट के रूप में सट्टे का पूरा हिसाब मिला, जिसमें ग्राहकों के नाम, टीमों के नाम, रेट, समय और हार-जीत की रकम दर्ज थी। मोबाइल फोन में ऑनलाइन ट्रांजेक्शन के स्क्रीनशॉट भी मिले हैं।

पूछताछ में आरोपित ने स्वीकार किया कि वह आईपीएल मैचों पर ऑनलाइन सट्टेबाजी कर रहा था और पकड़े जाने से बचने के लिए सुनसान जगह पर कार खड़ी कर यह काम कर रहा था। पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि इस्तेमाल की जा रही होंडा सिटी कार आरोपित के भाई रितु सिंह सैनी के नाम पर पंजीकृत है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।

error: Content is protected !!