उत्तर प्रदेश में भीषण गर्मी और लू ने जनजीवन बेहाल कर दिया है। बुंदेलखंड और दक्षिणी यूपी के जिलों में हालात सबसे ज्यादा गंभीर बने हुए हैं। तेज धूप और गर्म हवाओं के कारण लोगों का घर से निकलना मुश्किल हो गया है। बुधवार को बांदा, प्रयागराज, हमीरपुर और झांसी समेत कई जिलों में भीषण लू का असर देखने को मिला।
प्रदेश में सबसे अधिक तापमान बांदा में 48 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। दिनभर चली गर्म हवाओं से सड़कें सूनी नजर आईं और लोगों को भारी परेशानी झेलनी पड़ी। मौसम विभाग ने बृहस्पतिवार के लिए 23 जिलों में लू का रेड अलर्ट जारी किया है, जबकि 13 जिलों में भीषण गर्मी को लेकर ऑरेंज अलर्ट घोषित किया गया है।
आंचलिक मौसम विज्ञान केंद्र लखनऊ के वरिष्ठ वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह के मुताबिक अगले एक सप्ताह तक पूर्वी और दक्षिणी उत्तर प्रदेश में भीषण लू चलने की संभावना है। वहीं पश्चिमी यूपी के कई जिलों में गर्म रातें भी लोगों की मुश्किलें बढ़ा सकती हैं। मौसम विभाग ने दोपहर में बेहद जरूरी होने पर ही बाहर निकलने और लगातार पानी पीते रहने की सलाह दी है।
सर्वाधिक तापमान वाले जिले
बांदा — 48°C
प्रयागराज — 46.4°C
हमीरपुर — 46.2°C
झांसी — 45.9°C
आगरा — 45.3°C
इन जिलों में रेड अलर्ट
बांदा, चित्रकूट, कौशांबी, प्रयागराज, फतेहपुर, मिर्जापुर, भदोही, कानपुर देहात, कानपुर नगर, अलीगढ़, मथुरा, हाथरस, एटा, आगरा, फिरोजाबाद, मैनपुरी, इटावा, औरैया, जालौन, हमीरपुर, महोबा, झांसी और ललितपुर समेत आसपास के क्षेत्र।
इन जिलों में ऑरेंज अलर्ट
प्रतापगढ़, सोनभद्र, चंदौली, वाराणसी, जौनपुर, फर्रुखाबाद, कन्नौज, उन्नाव, रायबरेली, बागपत, गाजियाबाद, गौतमबुद्ध नगर और कासगंज समेत आसपास के क्षेत्र।
