palsa-garafata-ma-thapata-samata-cara-a-bhayakata_a1ddc7c899eb5ce6b3e8de90b8262643

रुद्रपुर/खटीमा। ऊधमसिंह नगर जिले में कथित धर्मांतरण रैकेट का बड़ा खुलासा हुआ है। आरोप है कि गरीब, आर्थिक रूप से कमजोर और थारू-बुक्सा जनजाति के लोगों को पैसों, इलाज, बच्चों की पढ़ाई और बेहतर जीवन का लालच देकर धर्म परिवर्तन कराया जा रहा था। पुलिस जांच में सामने आया है कि धर्म परिवर्तन के बदले दो लाख रुपये तक की सहायता और हर महीने छह हजार रुपये देने का प्रलोभन दिया जाता था।

खटीमा और नानकमत्ता क्षेत्र में दर्ज दो प्राथमिकी के खुलासे के बाद मामला तूल पकड़ गया है। पुलिस के अनुसार आरोपी गांव-गांव जाकर प्रार्थना और चंगाई सभाएं आयोजित करते थे, जहां लोगों को यह विश्वास दिलाया जाता था कि धर्म बदलने से बीमारी, गरीबी और पारिवारिक समस्याएं खत्म हो जाएंगी।

महिलाओं के जरिए लोगों को सभाओं तक लाने का आरोप

जांच में सामने आया है कि महिलाओं की मदद से घर-घर संपर्क कर लोगों को प्रार्थना सभाओं में बुलाया जाता था। खासकर गरीब परिवारों और महिलाओं को दूसरे धर्म के फायदे बताकर प्रभावित किया जाता था। पुलिस का दावा है कि कई लोग लालच और दबाव में आकर इन सभाओं में शामिल हुए।

पुलिस के हाथ लगे वीडियो, ऑडियो और लेनदेन के सबूत

पुलिस ने आरोपी कांग्रेस नेता दान सिंह राणा के कब्जे से मोबाइल फोन बरामद किया है। मोबाइल में कथित धर्मांतरण से जुड़े वीडियो, फोटो, ऑडियो रिकॉर्डिंग, पैसों के लेनदेन के स्क्रीनशॉट और लोगों को धर्म परिवर्तन के लिए तैयार करने से संबंधित दस्तावेज मिले हैं। जांच एजेंसियां अब इन इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों की पड़ताल कर रही हैं।

महिला एसएसबी जवान की शिकायत से खुला मामला

मामले का खुलासा तब हुआ जब एसएसबी की एक महिला जवान ने अपने पति संदीप सिंह राणा, कमलजीत सिंह और दान सिंह राणा पर जबरन ईसाई धर्म अपनाने का दबाव बनाने का आरोप लगाया। पुलिस ने दान सिंह राणा को गिरफ्तार कर लिया है जबकि अन्य आरोपियों की भूमिका की जांच जारी है।

आरोपी का आपराधिक इतिहास भी आया सामने

पुलिस के मुताबिक दान सिंह राणा पर पहले से हत्या, धमकी, धार्मिक भावनाएं भड़काने और धार्मिक स्वतंत्रता अधिनियम से जुड़े कई मुकदमे दर्ज हैं। खटीमा और नानकमत्ता थानों में उसके खिलाफ कुल पांच मामले दर्ज बताए जा रहे हैं।

पुलिस की कई टीमों की दबिश जारी

सीओ विभव सैनी ने बताया कि मामले में फरार आरोपियों की तलाश के लिए पुलिस टीमें लगातार दबिश दे रही हैं। वहीं दो अन्य प्राथमिकी में भी जांच चल रही है, जिनमें कई और नाम सामने आने की संभावना है। पुलिस पूरे नेटवर्क और इसके पीछे जुड़े लोगों की भूमिका खंगाल रही है।

error: Content is protected !!