knife_stabbed_2-sixteen_nine

बाजपुर। बाजपुर क्षेत्र में बीटेक के एक छात्र पर धारदार हथियार से जानलेवा हमला किए जाने का मामला सामने आया है। पीड़ित छात्र ने गांव के कुछ युवकों पर रास्ता रोककर गाली-गलौज, मारपीट और धारदार हथियार से हमला करने का आरोप लगाते हुए कोतवाली में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है।

जानकारी के अनुसार ग्राम चकरपुर निवासी अनिकेत पुत्र रामकिशोर मुरादाबाद की एक यूनिवर्सिटी में बीटेक का छात्र है। अनिकेत ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि 27 मई की शाम करीब साढ़े छह बजे वह यूनिवर्सिटी से लौटकर बस से उतरने के बाद चकरपुर रोड स्थित डॉ. पांडेय कोठी के पास पहुंचा था।

पीड़ित का आरोप है कि इसी दौरान गांव के ही दो युवक अपने दो-तीन साथियों के साथ वहां पहुंचे और उसका रास्ता रोककर गाली-गलौज करने लगे। विरोध करने पर आरोपित मारपीट पर उतारू हो गए और धारदार हथियार से हमला कर दिया।

हमले में अनिकेत के दाएं हाथ में गंभीर चोट आई है। पीड़ित के अनुसार हमलावरों ने जान से मारने की नीयत से कई वार किए। शोर सुनकर मौके पर पहुंचे लोगों ने बीच-बचाव कर किसी तरह उसे बचाया। अनिकेत का कहना है कि यदि समय रहते लोग नहीं पहुंचते तो उसकी हत्या हो सकती थी।

छात्र ने आरोप लगाया कि पुरानी रंजिश के चलते आरोपित अक्सर उसका रास्ता रोककर धमकी देते रहते हैं। उसने पुलिस से अपनी और परिवार की सुरक्षा की मांग करते हुए आरोपितों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की है।

फिलहाल खबर लिखे जाने तक मामले में मुकदमा दर्ज नहीं हुआ था। वहीं कोतवाली पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।

error: Content is protected !!