हमीरपुर। उत्तर प्रदेश के हमीरपुर जिले में निर्माणाधीन पुल ढहने से बड़ा हादसा हो गया। मवई जार को कुरारा से जोड़ने के लिए बनाए जा रहे पुल का एक हिस्सा अचानक भरभराकर गिर गया, जिससे वहां काम कर रहे मजदूर मलबे में दब गए। हादसे में अब तक छह लोगों की मौत की पुष्टि हुई है, जबकि तीन लोगों के अभी भी मलबे में फंसे होने की आशंका जताई जा रही है।
बताया जा रहा है कि यह हादसा देर रात हुआ, जब पुल निर्माण का कार्य चल रहा था। पुल गिरते ही मौके पर अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही पुलिस, प्रशासन और राहत-बचाव टीमें मौके पर पहुंचीं और तुरंत रेस्क्यू अभियान शुरू किया गया।
राहत टीमों द्वारा मलबे में दबे लोगों को निकालने का कार्य युद्ध स्तर पर जारी है। अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण कर बचाव कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए हैं। प्रशासन का कहना है कि प्राथमिकता मलबे में फंसे लोगों को सुरक्षित बाहर निकालना है।
हादसे के बाद निर्माण कार्य की गुणवत्ता और सुरक्षा मानकों पर भी सवाल उठने लगे हैं। मामले की जांच के लिए तकनीकी टीम को बुलाया जा रहा है। जांच के बाद ही पुल गिरने के सही कारणों का पता चल सकेगा।
घटना के बाद पूरे इलाके में शोक और दहशत का माहौल है। प्रशासन ने मृतकों के परिजनों को हर संभव सहायता का भरोसा दिया है।
