रुड़की। सोशल मीडिया पर हथियारों और बड़ी संख्या में कारतूसों के साथ वायरल हो रही एक युवक की इंस्टाग्राम रील्स ने पुलिस का ध्यान खींचा है। वीडियो में युवक कथित तौर पर बंदूकें, हथियार और कारतूसों का प्रदर्शन करता नजर आ रहा है। रील्स में गैंगस्टर थीम वाले गानों का इस्तेमाल किया गया है, जिससे वीडियो तेजी से वायरल हो रहे हैं।
वायरल इंस्टाग्राम प्रोफाइल पर युवक ने खुद को “गौरक्षा प्रमुख, विश्व हिंदू परिषद बजरंग दल” बताया है। वीडियो सामने आने के बाद इस दावे को लेकर भी चर्चाएं शुरू हो गई हैं। पुलिस अब प्रोफाइल की वास्तविकता और उसमें दी गई जानकारी का सत्यापन कर रही है।
एसपी देहात शेखर चंद्र सुयाल ने बताया कि पुलिस ने वायरल वीडियो और संबंधित इंस्टाग्राम अकाउंट का संज्ञान लिया है। मामले की जांच की जा रही है और यह पता लगाया जा रहा है कि वीडियो में दिख रहे हथियार वास्तविक हैं या नहीं। यदि हथियार असली पाए जाते हैं तो उनके लाइसेंस, स्वामित्व और उपयोग से जुड़े दस्तावेजों की भी जांच की जाएगी।
पुलिस वीडियो की रिकॉर्डिंग के स्थान, समय और उसमें शामिल व्यक्तियों की जानकारी भी जुटा रही है। साथ ही सोशल मीडिया प्रोफाइल पर किए गए दावों का सत्यापन किया जाएगा। एसपी ने स्पष्ट किया कि जांच में यदि शस्त्र अधिनियम या किसी अन्य कानून के उल्लंघन के तथ्य सामने आते हैं तो संबंधित व्यक्तियों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस का कहना है कि सोशल मीडिया पर हथियारों का प्रदर्शन कर रील्स बनाने के मामलों में पहले भी कार्रवाई की जा चुकी है और जांच पूरी होने के बाद इस मामले में भी आवश्यक कदम उठाए जाएंगे।
