रुद्रपुर। उधम सिंह नगर जिले में एक दर्दनाक सड़क हादसे ने सभी को झकझोर कर रख दिया। NH-74 पर दिनेशपुर कट के पास तेज रफ्तार डंपर ने बाइक सवार डॉक्टर को पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। हादसे के बाद डॉक्टर डंपर के नीचे फंस गए और वाहन उन्हें करीब 300 से 400 मीटर तक घसीटता हुआ ले गया। इस भीषण हादसे में डॉक्टर की मौके पर ही मौत हो गई।
मृतक की पहचान 46 वर्षीय डॉक्टर मंटू चंद्र राय निवासी रतन फार्म नंबर-03, राजनगर शक्ति फार्म के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि उनकी जाफरपुर के लंबाखेड़ा क्षेत्र में क्लीनिक थी। देर रात क्लीनिक बंद कर वह बाइक से घर लौट रहे थे, तभी गदरपुर की ओर से आ रहे तेज रफ्तार डंपर (UP 25 ET 1658) ने उनकी बाइक को पीछे से टक्कर मार दी।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि डॉक्टर डंपर के नीचे फंस गए और चालक उन्हें काफी दूर तक घसीटता हुआ ले गया। हादसे के कारण शव बुरी तरह क्षत-विक्षत हो गया।
घटना की सूचना मिलते ही दिनेशपुर थाना पुलिस और रुद्रपुर कोतवाली की टीम मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने हाईवे एंबुलेंस की मदद से सड़क पर बिखरे शव के अवशेषों को एकत्र कर पंचनामा भर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। हादसे के बाद हाईवे पर लंबा जाम लग गया, जिसे पुलिस ने काफी मशक्कत के बाद खुलवाया।
पुलिस ने हादसे में शामिल डंपर को कब्जे में ले लिया है, जबकि चालक अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गया। पुलिस आसपास के CCTV फुटेज खंगाल रही है और आरोपी चालक की तलाश में दबिश दी जा रही है।
