15_01_2024-license_23630081_195644327_m

काशीपुर। फर्जी शस्त्र लाइसेंस बनवाकर हथियार खरीदने के मामले में एसटीएफ ने बड़ा खुलासा किया है। जांच में सामने आया कि कूटरचित लाइसेंसों के आधार पर काशीपुर गन हाउस से हथियार खरीदे गए। मामले में एसटीएफ की तहरीर पर 10 आरोपियों के खिलाफ कोतवाली काशीपुर में प्राथमिकी दर्ज की गई है।

एसटीएफ निरीक्षक एमपी सिंह ने दर्ज कराई रिपोर्ट में बताया कि फर्जी शस्त्र लाइसेंस तैयार कर अवैध रूप से हथियार खरीदने और उनका उपयोग किए जाने की सूचना मिलने पर एसएसपी एसटीएफ के निर्देश पर जांच शुरू की गई थी।

जांच के दौरान नौशाद हुसैन, नसीम, मोहम्मद दानिश उर्फ दानू, सौरभ अग्रवाल, विशाल राजपूत, गुरताज सिंह, जतिन कांडपाल, मनजोत सिंह, अजीम और गौरव अग्रवाल के नाम सामने आए। आरोप है कि इन लोगों ने शाहजहांपुर डीएम कार्यालय से जारी दर्शाए गए फर्जी लाइसेंसों के आधार पर काशीपुर गन हाउस से शस्त्र खरीदे।

एसटीएफ ने जब जिला मजिस्ट्रेट कार्यालय शाहजहांपुर से लाइसेंसों का सत्यापन कराया तो पता चला कि संबंधित व्यक्तियों के नाम कोई भी शस्त्र लाइसेंस जारी नहीं किया गया था। इसके बाद मामले में कार्रवाई करते हुए सभी आरोपियों के खिलाफ संगठित अपराध, कूटरचना, धोखाधड़ी और अवैध रूप से शस्त्र प्राप्त करने समेत विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।

पुलिस मामले की गहन जांच कर रही है और फर्जी लाइसेंस तैयार करने वाले नेटवर्क की भी तलाश की जा रही है।

error: Content is protected !!