2022_5image_11_02_398743214arrested

रुद्रपुर। पारिवारिक विवाद के चलते जीजा की कार पर तलवार से हमला करने और हत्या की नीयत से क्षेत्र में घूम रहे एक युवक को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने उसके कब्जे से तलवार भी बरामद की है।

एक जून को सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हुआ था, जिसमें एक युवक तलवार लहराते हुए वाहन में तोड़फोड़ करता दिखाई दे रहा था। मामले का संज्ञान लेते हुए एसएसपी अजय गणपति ने जांच के निर्देश दिए। जांच में पता चला कि घटना प्रीत विहार क्षेत्र की है, जहां पारिवारिक विवाद के चलते कादिर नामक युवक तलवार लेकर अपने रिश्तेदार रेहान के घर पहुंचा था।

बताया गया कि रेहान ने सीसीटीवी कैमरे के जरिए कादिर को देख लिया और घर का गेट नहीं खोला। इससे नाराज होकर आरोपी ने घर के बाहर खड़ी कार पर तलवार से हमला कर उसे क्षतिग्रस्त कर दिया।

रेहान की तहरीर पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया। पुलिस का कहना है कि तीन जून को आरोपी फिर से तलवार लेकर इलाके में घूम रहा था। सूचना मिलने पर पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया।

सीओ विभव सैनी ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी को न्यायालय में पेश करने के बाद न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।

error: Content is protected !!