रुद्रपुर। किच्छा रोड स्थित भूत बंगला गेट के पास अतिक्रमण हटाने पहुंची नगर निगम की टीम और वार्ड-23 की पार्षद के पति के बीच विवाद हो गया। देखते ही देखते मामला इतना बढ़ गया कि दोनों पक्षों में तीखी नोकझोंक और धक्का-मुक्की हो गई। झड़प के दौरान पार्षद पति के घायल होने की बात सामने आई है।
जानकारी के अनुसार बृहस्पतिवार को नगर निगम की टीम सड़क किनारे किए गए अतिक्रमण को हटाने के लिए अभियान चला रही थी। इसी दौरान एक जूस के ठेले पर लगे छाते को हटाने को लेकर विवाद शुरू हो गया। आरोप है कि निगम कर्मियों ने ठेला संचालक के साथ अभद्रता करते हुए उसे धक्का दे दिया।
इसकी सूचना मिलने पर मौके पर पहुंचे वार्ड-23 की पार्षद अंजलि कोली के पति राजू कोली ने इसका विरोध किया। विरोध के दौरान उनकी नगर निगम कर्मचारियों से कहासुनी हो गई, जो बाद में झड़प में बदल गई।
राजू कोली ने आरोप लगाया कि निगम कर्मचारियों ने उनके साथ गाली-गलौज करते हुए मारपीट की और लाठी-डंडों व रॉड से हमला कर घायल कर दिया। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि एक कर्मचारी ने नुकीले औजार से उन पर वार किया।
वहीं नगर निगम अधिकारियों और कर्मचारियों ने इन आरोपों को निराधार बताते हुए कहा कि अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई के दौरान सरकारी कार्य में बाधा पहुंचाई गई और निगम कर्मियों के साथ भी अभद्रता की गई।
घटना के बाद दोनों पक्ष कोतवाली पहुंचे। पार्षद पति ने तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है। सीओ विभव सैनी ने बताया कि मौके पर मौजूद पुलिस कर्मियों ने स्थिति को शांत कराया था। मामले की जांच की जा रही है और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
