देहरादून। सहसपुर के बैरागीवाला गांव में भाजपा ओबीसी मोर्चा के जिला सोशल मीडिया सहसंयोजक एवं शिक्षक विनोद कश्यप हत्याकांड में पुलिस ने सोमवार को एक और आरोपित को गिरफ्तार कर लिया। इसके साथ ही मामले में अब तक कुल पांच आरोपितों की गिरफ्तारी हो चुकी है।
पुलिस के अनुसार सोमवार को इम्तियाज पुत्र शमसुद्दीन, निवासी लखनवाला, कोतवाली सहसपुर को गिरफ्तार किया गया। इससे पहले मुख्य आरोपित मासूम के बेटे रज्जाक और जावेद समेत सलमान और शहबाज को गिरफ्तार किया जा चुका है।
हिंसा के बाद 150 अज्ञात लोगों पर मुकदमा
हत्या की घटना के बाद बैरागीवाला गांव में भड़की हिंसा को लेकर पुलिस ने कड़ा रुख अपनाया है। हत्यारोपितों के घरों में तोड़फोड़, आगजनी और पुलिस टीम पर पथराव करने के आरोप में 150 अज्ञात लोगों के खिलाफ विभिन्न गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है।
पानी के विवाद ने लिया खूनी रूप
जानकारी के अनुसार शनिवार देर शाम खेतों की सिंचाई के लिए पानी लेने को लेकर दो पक्षों में विवाद शुरू हुआ था, जो बाद में हिंसक संघर्ष में बदल गया। आरोप है कि पड़ोसी पक्ष के लोग हथौड़े, लाठी-डंडे और बेलचे लेकर विनोद कश्यप के घर में घुस गए और परिवार पर हमला कर दिया। हमले में विनोद कश्यप की मौत हो गई, जबकि उनके भाई अशोक, राजेश और भाभी सुषमा गंभीर रूप से घायल हो गए। विनोद कश्यप एक निजी स्कूल में शिक्षक होने के साथ भाजपा के सक्रिय कार्यकर्ता भी थे।
पोस्टमार्टम के लिए राजी हुआ परिवार
पुलिस प्रशासन के अनुसार परिजन अब शव के पंचनामा और पोस्टमार्टम की प्रक्रिया के लिए सहमत हो गए हैं, जिससे प्रशासन ने राहत की सांस ली है। मामले की जांच जारी है और अन्य आरोपितों की तलाश में पुलिस लगातार दबिश दे रही है।
