2026_1image_16_40_307585847theft2

ऊधम सिंह नगर। आवास विकास किच्छा में अज्ञात चोरों ने एक व्यापारी के सुनसान घर को निशाना बनाते हुए लाखों रुपये के आभूषण और नकदी पर हाथ साफ कर दिया। घटना के समय व्यापारी का परिवार पूजा में शामिल होने के लिए घर से बाहर गया हुआ था। परिवार के वापस लौटने पर घर में चोरी की जानकारी हुई, जिसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। जानकारी के अनुसार आवास विकास निवासी व्यापारी अशोक माखीजा अपने परिवार के साथ पूजा में शामिल होने गए थे। इसी दौरान अज्ञात चोरों ने घर को सुनसान देखकर धावा बोल दिया। चोर घर में रखी करीब एक लाख दस हजार रुपये की नकदी के अलावा लाखों रुपये कीमत के सोने-चांदी के आभूषण चोरी कर फरार हो गए। बताया जा रहा है कि चोरी करने के बाद भागते समय चोरों ने कुछ सामान मौके पर ही छोड़ दिया। घटना की जानकारी मिलते ही कोतवाल रवि सैनी पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया, जबकि फॉरेंसिक साइंस विभाग की टीम ने भी मौके पर पहुंचकर साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है। माना जा रहा है कि सीसीटीवी फुटेज के आधार पर पुलिस को चोरों तक पहुंचने में मदद मिल सकती है। वहीं पीड़ित व्यापारी अशोक माखीजा ने पुलिस को तहरीर देकर चोरी की घटना का खुलासा करने और सामान बरामद करने की मांग की है। फिलहाल पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और अज्ञात चोरों की तलाश में संभावित स्थानों पर सुराग जुटाए जा रहे हैं। दिनदहाड़े हुई इस चोरी की घटना से क्षेत्र के लोगों में भी चिंता का माहौल है।

error: Content is protected !!