दिनेशपुर। नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत दिनेशपुर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 57 ग्राम हेरोइन के साथ एक तस्कर को गिरफ्तार किया है। बरामद हेरोइन की अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करीब 17 लाख रुपये बताई जा रही है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर पूछताछ शुरू कर दी है। पूछताछ में मादक पदार्थ की सप्लाई और खरीद फरोख्त से जुड़े कई अहम सुराग मिलने की बात सामने आई है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ऊधमसिंह नगर के निर्देश और पुलिस अधीक्षक नगर तथा क्षेत्रधिकारी पंतनगर के पर्यवेक्षण में दिनेशपुर पुलिस ग्राम बुकसौरा क्षेत्र में संदिग्ध गतिविधियों पर लगातार निगरानी और चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान पुलिस टीम ने ग्राम बुकसौरा में संदिग्ध गतिविधि में लिप्त छिन्दर सिंह पुत्र दर्शन सिंह, उम्र 35 वर्ष, निवासी ग्राम बुकसौरा, थाना दिनेशपुर को पकड़ लिया। तलाशी लेने पर उसके कब्जे से 57 ग्राम हेरोइन बरामद हुई। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर उसके खिलाफ थाना दिनेशपुर में एफआईआर संख्या 128/2026 के तहत धारा 8/21 एनडीपीएस एक्ट में मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी से बरामद हेरोइन के स्रोत और उसके नेटवर्क के संबंध में गहन पूछताछ की जा रही है। पूछताछ में क्षेत्र में मादक पदार्थों की खरीद फरोख्त और तस्करी से जुड़े कुछ महत्वपूर्ण सुराग मिलने की जानकारी सामने आई है। पुलिस अब इन सुरागों का सत्यापन कर रही है और हेरोइन की सप्लाई करने वाले तथा इससे जुड़े अन्य लोगों तक पहुंचने का प्रयास कर रही है। पुलिस का कहना है कि कार्रवाई केवल छोटे स्तर के तस्करों तक सीमित नहीं रखी जाएगी, बल्कि मादक पदार्थों की पूरी सप्लाई चेन का पता लगाकर इसमें शामिल लोगों के खिलाफ प्रभावी कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि दिनेशपुर क्षेत्र में मादक पदार्थों की बिक्री और तस्करी किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी। युवाओं को नशे की गिरफ्त में धकेलने वाले लोगों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा। कार्रवाई करने वाली टीम में जयनगर चौकी प्रभारी उपनिरीक्षक अर्जुन सिंह, सहायक उपनिरीक्षक सुरेंद्र सिंह बोरा, कांस्टेबल महेंद्र और महिला कांस्टेबल पूजा शामिल रहे।
