2022_5image_11_02_398743214arrested

काशीपुर। नशीली कोल्ड ड्रिंक पिलाकर आपत्तिजनक वीडियो बनाने और उसे सोशल मीडिया पर वायरल करने की धमकी देकर लाखों रुपये वसूलने के मामले का काशीपुर पुलिस ने खुलासा किया है। पुलिस ने मामले में गिरोह के मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। उसके कब्जे से पीड़ित से वसूली गई रकम में से एक लाख रुपये नकद और एक कार बरामद की गई है। पुलिस अब गिरोह में शामिल अन्य आरोपियों की तलाश में जुटी है। मामला कुंडेश्वरी निवासी सर्वेश कुमार से जुड़ा है। पीड़ित ने 10 अगस्त को कोतवाली काशीपुर में तहरीर देकर आरोप लगाया था कि कुछ लोगों ने उसके साथ तमंचे के बल पर मारपीट की और जान से मारने की धमकी देकर उससे रुपये वसूले। आरोपियों ने षड्यंत्र के तहत उसका आपत्तिजनक वीडियो भी बनाया और उसे सोशल मीडिया पर वायरल करने की धमकी देकर लगातार ब्लैकमेल किया।

शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी ऊधमसिंहनगर अजय गणपति ने पुलिस टीम गठित कर आरोपियों की गिरफ्तारी के निर्देश दिए। इसके बाद पुलिस ने सुरागरसी-पतारसी, इलेक्ट्रॉनिक सर्विलांस और मुखबिर तंत्र की मदद से आरोपियों की तलाश शुरू की। पुलिस टीम ने 12 सितंबर को प्रतापपुर बैरियर के पास रामनगर रोड से मामले के मुख्य आरोपी राजेंद्र कुमार को गिरफ्तार कर लिया। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से एक लाख रुपये नकद और एक कार बरामद हुई। पुलिस के मुताबिक बरामद रकम पीड़ित से वसूली गई धनराशि में शामिल है।

पुलिस पूछताछ में सामने आया कि आरोपी ने अपने साथियों के साथ मिलकर पीड़ित को ब्लैकमेल करने की योजना बनाई थी। पुलिस के अनुसार, आरोपी ने बताया कि पीड़ित को नशीली कोल्ड ड्रिंक पिलाने के बाद उसका आपत्तिजनक वीडियो बनाया गया। इसके बाद वीडियो वायरल करने की धमकी देकर उससे रकम वसूली गई। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि इस पूरी साजिश में कितने लोग शामिल थे और पीड़ित से कुल कितनी रकम वसूली गई। गिरफ्तार आरोपी राजेंद्र कुमार का आपराधिक इतिहास भी सामने आया है। पुलिस के अनुसार, उसके खिलाफ काशीपुर और आईटीआई थाने में धोखाधड़ी तथा जाली नोटों से संबंधित मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दे रही है। पुलिस टीम में उपनिरीक्षक मनोज धौनी, कांस्टेबल सुनील भाकुनी, कांस्टेबल बीरेन्द्र बिष्ट और राहुल शामिल रहे।

error: Content is protected !!