IMG-20250107-WA0003

बाजपुर। थापा नगला बेरिया निवासी 30 वर्षीय कमलजीत कौर की मुरादाबाद के एक अस्पताल में उपचार के दौरान मौत हो गई। करीब पांच दिन पहले उसके गर्भ में आठ माह की बच्ची की मौत हो गई थी। इसके बाद कमलजीत की हालत बिगड़ने पर परिजनों ने उसे मुरादाबाद के अस्पताल में भर्ती कराया था, जहां उपचार के दौरान उसने दम तोड़ दिया। परिजनों के अनुसार कमलजीत का विवाह करीब छह वर्ष पहले गूलरभोज के रोशनपुर निवासी गुरमीत सिंह से हुआ था। रक्षाबंधन के अवसर पर कमलजीत अपने मायके आई थी और परिजनों से राखी बंधवाई थी। अगले दिन ससुराल पहुंचने के बाद उसकी तबीयत बिगड़ गई। हालत गंभीर होने पर उसे उपचार के लिए मुरादाबाद ले जाया गया। परिजनों ने कमलजीत के पति पर मारपीट करने और कथित अवैध संबंधों का विरोध करने पर उसे प्रताड़ित करने के आरोप लगाए हैं। इस संबंध में चौकी में तहरीर भी दिए जाने की बात सामने आई है। परिजनों का आरोप है कि कमलजीत की मौत के बाद ससुराल पक्ष के लोग शव उन्हें सौंपकर वहां से चले गए। कमलजीत के दो छोटे बच्चे हैं, जिनकी उम्र तीन और चार वर्ष बताई गई है। महिला की मौत से परिवार में मातम पसरा हुआ है। वहीं, परिजनों की ओर से लगाए गए आरोपों को लेकर पुलिस जांच के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

error: Content is protected !!