काशीपुर। छह माह से लापता 15 वर्षीय नाबालिग बालिका को काशीपुर पुलिस ने हरिद्वार के सिडकुल क्षेत्र से सकुशल बरामद कर लिया। मामले में पुलिस ने एक युवक को गिरफ्तार कर न्यायालय के समक्ष पेश किया है। पुलिस ने विवेचना के दौरान मामले में पॉक्सो एक्ट समेत अन्य धाराएं बढ़ाई हैं। पुलिस के अनुसार, नाबालिग के परिजनों ने एक अप्रैल 2026 को कोतवाली काशीपुर में सूचना दी थी कि उनकी 15 वर्षीय बेटी 30 मार्च को बिना बताए घर से चली गई थी। काफी तलाश के बावजूद उसका कोई पता नहीं चल सका। परिजनों की सूचना पर पुलिस ने मुकदमा अपराध संख्या 114/2026 के तहत धारा 140(3) बीएनएस में मुकदमा दर्ज कर नाबालिग की तलाश शुरू की।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर पुलिस टीम ने नाबालिग की तलाश के लिए सुरागरसी-पतारसी के साथ मोबाइल सर्विलांस और मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया। करीब छह माह तक लगातार प्रयास के बाद 13 सितंबर को पुलिस को सफलता मिली। सर्विलांस और मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने हरिद्वार के सिडकुल क्षेत्र स्थित ब्रह्मपुरी से नाबालिग को सकुशल बरामद कर लिया। पुलिस के मुताबिक, विवेचना के दौरान मामले में धारा 87, 137(2)/65 बीएनएस तथा पॉक्सो एक्ट की धारा 5/6 की बढ़ोतरी की गई। इसके बाद आरोपी अभिषेक को गिरफ्तार कर न्यायालय के समक्ष पेश किया गया। पुलिस आरोपी के आपराधिक इतिहास की भी जानकारी जुटा रही है। नाबालिग की बरामदगी और आरोपी की गिरफ्तारी करने वाली टीम में एसआई संजय सिंह, कांस्टेबल किरन मेहता, सुरेंद्र कुमार तथा एसओजी के कांस्टेबल कैलाश तोमक्याल शामिल रहे।
