IMG_20261006_083243

काशीपुर। कुंडा थाना क्षेत्र के लालपुर गांव में तीन अक्टूबर की रात जन्मदिन की पार्टी में रसगुल्ले को लेकर शुरू हुआ विवाद मारपीट में बदल गया। दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर लाठी-डंडों, धारदार हथियारों और ईंट-पत्थरों से हमला करने के आरोप लगाए। एक पक्ष ने फायरिंग का आरोप भी लगाया है। पुलिस ने दोनों पक्षों की तहरीर पर क्रॉस केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पहले पक्ष के निक्की सिंह ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि रात करीब 10:30 बजे पड़ोसी के घर जन्मदिन की पार्टी चल रही थी। इसी दौरान रसगुल्ले को लेकर जयविंदर और उसके पिता पप्पू सिंह के बीच कहासुनी हो गई। आरोप है कि विवाद बढ़ने पर प्रीतम, मदन, आर्यन और विक्की के साथ लाठी-डंडों, धारदार हथियारों और ईंट-पत्थरों से मारपीट की गई।

वहीं, दूसरे पक्ष के कैलाश सिंह ने आरोप लगाया कि प्रीतम ने उनके बेटे जयविंदर के साथ विवाद किया। इसके बाद आकाश, विक्की, राहुल, आर्यन, पप्पू, मदन, प्रीतम समेत अन्य लोग लाठी-डंडे, धारदार हथियार और तमंचे लेकर उनके घर में घुस आए। कैलाश ने फायरिंग का भी आरोप लगाया। घटना में जसविंदर, अंकित, रविंद्र समेत कई लोगों के घायल होने की बात कही गई है।

पुलिस ने सभी घायलों का मेडिकल कराया है। कुंडा प्रभारी निरीक्षक धीरेंद्र कुमार ने बताया कि निक्की सिंह की शिकायत पर जयविंदर समेत 11 लोगों और कैलाश सिंह की शिकायत पर प्रीतम समेत सात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

error: Content is protected !!