IMG_20261006_084247

रुद्रपुर। ऊधम सिंह नगर पुलिस ने बरेली के बहेड़ी से कुमाऊं के अलग-अलग पहाड़ी जिलों तक फैले नशा तस्करी के नेटवर्क का खुलासा किया है। पुलिस ने चार दिन तक लगातार कार्रवाई करते हुए पिथौरागढ़, अल्मोड़ा और नैनीताल से महिला समेत छह आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार आरोपी बहेड़ी से स्मैक और नशीले इंजेक्शन लाकर पहाड़ी क्षेत्रों में युवाओं और कॉलेज छात्रों को बेचते थे।

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 150 प्रतिबंधित Buprenorphine इंजेक्शन, दो मोबाइल फोन और 3,500 रुपये नकद बरामद किए हैं। पुलिस ने सभी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश शुरू कर दी है।

बॉर्डर पर पकड़ा गया था हिस्ट्रीशीटर

एसएसपी अजय गणपति के मुताबिक, 30 सितंबर को पुलभट्टा थाना क्षेत्र में बरेली-ऊधम सिंह नगर सीमा पर पुलिस ने स्विफ्ट डिजायर कार को रोककर सद्दाम हुसैन को गिरफ्तार किया था। तलाशी के दौरान उसके पास से 150 प्रतिबंधित Buprenorphine इंजेक्शन, दो मोबाइल फोन और 3,500 रुपये बरामद हुए। सद्दाम हुसैन के खिलाफ पहले भी एनडीपीएस एक्ट के मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस ने उसके मोबाइल की चैट और कॉल डिटेल खंगाली तो नशे के नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों के बारे में जानकारी मिली।

चैट और कॉल डिटेल से खुला नेटवर्क

मोबाइल से मिले इनपुट के आधार पर पुलिस ने अल्मोड़ा, नैनीताल और पिथौरागढ़ में अलग-अलग स्थानों पर दबिश दी। इस दौरान अक्षय निवासी अल्मोड़ा, सौरभ निवासी हल्द्वानी, पीयूष निवासी अल्मोड़ा, भूपेंद्र सिंह मेहता निवासी पिथौरागढ़, यशोदा टम्टा निवासी अल्मोड़ा और रवि थापा निवासी झूलाघाट को गिरफ्तार किया गया।

कॉलेज छात्रों और युवाओं को बनाते थे निशाना

पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी बहेड़ी से नशीले पदार्थ पहाड़ के विभिन्न क्षेत्रों तक पहुंचाते थे। इसके बाद इन्हें युवाओं और कॉलेज स्टूडेंट्स को बेचा जाता था। पुलिस के मुताबिक गिरोह के कुछ सदस्य पहले भी एनडीपीएस के मामलों में जेल जा चुके हैं।

एसएसपी अजय गणपति ने बताया कि नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश जारी है। उन्होंने आमजन से नशे की बिक्री या सप्लाई की जानकारी तत्काल पुलिस को देने की अपील की है।

error: Content is protected !!