meeting-1

एसडीएम ने बुलाई संयुक्त बैठक,वेंडिंग जोन होंगे चिह्नित, नियम तोड़ने वालों पर दर्ज होगी एफआईआर

रामनगर नगर की बिगड़ी यातायात व्यवस्था और मुख्य मार्गों पर बढ़ते अवैध अतिक्रमण से जनता को निजात दिलाने के लिए प्रशासन ने अब पूरी तरह कमर कस ली है। शुक्रवार को एसडीएम गोपाल सिंह चौहान ने नगर पालिका सभागार में पुलिस, परिवहन, लोक निर्माण विभाग, सिंचाई और विद्युत विभाग के अधिकारियों के साथ एक महत्वपूर्ण संयुक्त बैठक की। बैठक में यह निर्णय लिया गया कि शनिवार से पूरे नगर में अवैध अतिक्रमण के खिलाफ निर्णायक अभियान शुरू किया जाएगा। एसडीएम गोपाल सिंह चौहान ने कहा कि आगामी पर्यटन सीजन को देखते हुए रानीखेत रोड जैसे मुख्य मार्गों पर यातायात को पटरी पर लाना अनिवार्य है। अब ट्रक, बस, टैक्सी और जिप्सी वाहन केवल अपने निर्धारित स्थानों पर ही खड़े हो सकेंगे। इसके साथ ही ई-रिक्शा और टेंपो संचालन के लिए भी नए रूट तय किए जा रहे हैं। उन्होंने दो टूक चेतावनी दी कि मुख्य मार्ग और बाजारों में अवैध अतिक्रमण किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। प्रशासन ने इस बार सख्त त्रिस्तरीय रणनीति तैयार की है, जिसके तहत पहले चरण में नियमों का उल्लंघन करने वालों का चालान कर जुर्माना वसूला जाएगा। यदि सुधार नहीं हुआ तो दूसरे चरण में भारी भरकम जुर्माने की कार्रवाई होगी और इसके बावजूद स्थिति जस की तस रहने पर संबंधित व्यक्ति के खिलाफ सीधे एफआईआर दर्ज कराई जाएगी। बैठक में फड़-ठेला कारोबारियों को भी सख्त निर्देश दिए गए कि वे केवल नगर पालिका द्वारा निर्धारित वेंडिंग जोन में ही अपना व्यापार करें। प्रशासन जल्द ही नगर के कुछ अन्य स्थानों को भी वेंडिंग जोन के रूप में चिह्नित करने की प्रक्रिया शुरू करेगा। एसडीएम ने साफ तौर पर कहा कि शनिवार से शुरू होने वाले इस अभियान में टीम जेसीबी मशीन के साथ सड़कों पर उतरेगी, इसलिए अतिक्रमणकारी स्वयं ही अपना कब्जा हटा लें अन्यथा उन्हें कार्रवाई का सामना करना होगा। उन्होंने इस मुहिम में व्यापार मंडल के पदाधिकारियों से भी सहयोग की अपील की है। बैठक में विभिन्न वाहन यूनियनों के पदाधिकारी और संबंधित विभागों के अधिकारी मुख्य रूप से मौजूद रहे।

error: Content is protected !!