रुद्रपुर। रेशमबाड़ी हत्याकांड में फरार चल रहे दो नामजद आरोपियों को पुलिस ने मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। बगवाड़ा बाईपास क्षेत्र में हुई मुठभेड़ के दौरान दोनों ओर से फायरिंग हुई। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में दोनों आरोपियों के पैरों में गोली लग गई। घायल आरोपियों को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया। पुलिस ने उनके कब्जे से दो 315 बोर के तमंचे और दो जिंदा कारतूस बरामद किए हैं। दोनों की गिरफ्तारी के साथ ही हत्याकांड के सभी छह नामजद आरोपी पुलिस की गिरफ्त में आ गए हैं।
पुलिस के अनुसार, 26 नवंबर 2026 को कोतवाली रुद्रपुर क्षेत्र के रेशमबाड़ी में हुई हत्या के मामले में मुकदमा दर्ज कर नामजद आरोपियों की तलाश की जा रही थी। इसी बीच 28 नवंबर को मुखबिर से सूचना मिली कि फरार आरोपी बगवाड़ा बाईपास क्षेत्र में मौजूद हैं। सूचना पर कोतवाली रुद्रपुर पुलिस की टीम ने मौके पर पहुंचकर प्रिंस ठाकुर उर्फ पंछी और प्रियांशु कश्यप को पकड़ने का प्रयास किया।
पुलिस का कहना है कि खुद को घिरता देख आरोपियों ने पुलिस टीम पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग शुरू कर दी। जवाब में पुलिस ने आत्मरक्षा में गोली चलाई, जिसमें दोनों आरोपियों के पैरों में गोली लग गई। इसके बाद पुलिस टीम ने उन्हें दबोच लिया और प्राथमिक उपचार दिलाया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान प्रिंस ठाकुर उर्फ पंछी (22) पुत्र अशोक कुमार और प्रियांशु कश्यप (22) पुत्र सोमपाल कश्यप, निवासी दूधियानगर, वार्ड नंबर 13 के रूप में हुई है। पुलिस ने दोनों के पास से दो 315 बोर के तमंचे और दो जिंदा कारतूस बरामद किए हैं। पुलिस के मुताबिक, हत्याकांड में नामजद सभी छह आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है।
