रामनगर में पुलिस ने नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए पांच महिलाओं समेत आठ आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से करीब 22 किलो गांजा, स्मैक, नशीले इंजेक्शन और गोलियां बरामद की हैं। इसके अलावा दो महिलाओं के पास से 3 लाख 54 हजार 200 रुपये की नकदी भी मिली है।
ड्रग फ्री देवभूमि अभियान के तहत कोतवाल सुशील कुमार के नेतृत्व में पुलिस की अलग-अलग टीमों ने रामनगर और आसपास के क्षेत्रों में छापेमारी की। यह कार्रवाई मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देश पर नशे के अवैध कारोबार पर अंकुश लगाने के लिए की गई।
अलग-अलग आरोपियों से बरामद हुआ नशा
पुलिस के मुताबिक, मोहल्ला मूलरघट्टी निवासी कामेश त्यागी के पास से चार किलो गांजा बरामद हुआ। रेलवे पड़ाव निवासी सागर के कब्जे से चार नशीले इंजेक्शन और सिरिंज मिलीं। वहीं, नागा बाबा मंदिर रोड निवासी इमरान के पास से नशीले इंजेक्शन की 10 शीशियां और 22 नशीली गोलियां बरामद की गईं। इसके अलावा ग्राम थारी निवासी पैसों कौर के पास से दो किलो गांजा बरामद हुआ। इसी गांव की सीमा कौर और प्रकाश कौर के कब्जे से 16 किलो गांजा मिला।
दो महिलाओं से 3.54 लाख रुपये बरामद
ग्राम हल्दुआ निवासी मनप्रीत कौर के पास से 12 ग्राम स्मैक और 3 लाख 35 हजार रुपये की नकदी बरामद हुई। इसी गांव की राधा के कब्जे से दो ग्राम स्मैक और 19 हजार 200 रुपये मिले। पुलिस के अनुसार, बरामद नकदी नशे के अवैध कारोबार से अर्जित की गई थी। सभी आठ आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस का कहना है कि रामनगर और आसपास के क्षेत्रों में नशे के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।
