बरेली। सीबीगंज थाना क्षेत्र में विवाहिता सपना की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मायके पक्ष ने पति और ससुराल वालों पर दहेज के लिए प्रताड़ित करने और हत्या करने का आरोप लगाया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की असली वजह स्पष्ट हो सकेगी। जौहरपुर निवासी अरुण कश्यप के मुताबिक, उनकी बहन सपना ने करीब सात साल पहले सीबीगंज निवासी विक्की से प्रेम विवाह किया था। यह शादी परिवार की मर्जी के खिलाफ हुई थी। आरोप है कि शादी के शुरुआती दिनों के बाद पति और ससुराल वालों का व्यवहार बदलने लगा।
परिजनों का आरोप है कि ससुराल पक्ष दहेज की मांग को लेकर सपना को परेशान करता था। पति आए दिन उसके साथ विवाद करता था। मायके वालों का कहना है कि सपना लंबे समय से मानसिक प्रताड़ना झेल रही थी। मायके पक्ष ने सपना की मौत को आत्महत्या मानने से इनकार करते हुए हत्या की आशंका जताई है। उनका आरोप है कि सपना की हत्या की गई है। घटना की जानकारी मिलते ही मायके पक्ष के लोग मौके पर पहुंच गए। फिलहाल पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार है। रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
