बरेली। आंवला तहसील के भमोरा थाना क्षेत्र के एक गांव में दसवीं की छात्रा से दुष्कर्म का मामला सामने आया है। आरोप है कि घर में अकेली छात्रा को पड़ोस में रहने वाले युवक ने अपनी हवस का शिकार बनाया। छात्रा के शोर मचाने पर ग्रामीणों के पहुंचने से आरोपी मौके से फरार हो गया। पुलिस ने मां की तहरीर पर आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
घर में अकेली थी छात्रा
पीड़िता की मां ने पुलिस को बताया कि वह अपने पति और बच्चों के साथ देहरादून में रहती हैं। उनके पति टेंपो चलाते हैं और बेटी देहरादून के एक स्कूल में दसवीं कक्षा की छात्रा है। करीब दो सप्ताह पहले वह बेटी के साथ अपने पैतृक गांव आई थीं। महिला के मुताबिक, मंगलवार दोपहर वह अपनी पुत्रवधू के साथ दवा लेने अस्पताल गई थीं। इस दौरान बेटी घर में अकेली थी। आरोप है कि दोपहर करीब 12 बजे पड़ोस में रहने वाला युवक घर में घुस आया और छात्रा के साथ जबरदस्ती दुष्कर्म किया।
शोर सुनकर पहुंचे ग्रामीण, आरोपी फरार
आरोप है कि छात्रा के शोर मचाने पर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। लोगों को आता देख आरोपी वहां से फरार हो गया। देर शाम अस्पताल से घर लौटने पर छात्रा ने मां को पूरी घटना बताई। इसके बाद परिजन थाने पहुंचे और पुलिस को तहरीर दी। भमोरा थाना प्रभारी कुशल पाल सिंह ने बताया कि मां की तहरीर पर आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। छात्रा को मेडिकल जांच के लिए भेजा गया है। आरोपी की तलाश की जा रही है।
