रुद्रपुर। ट्रांजिट कैंप क्षेत्र के बालाजी पुरम तीनपानी में उधारी के 20 रुपये को लेकर विवाद हो गया। आरोप है कि एक युवक अपने साथियों के साथ किराना दुकान में घुस आया और दुकानदार के साथ गाली-गलौज करते हुए अभद्रता की। आसपास के लोगों के हस्तक्षेप के बाद मामला शांत हुआ। पीड़ित दुकानदार ने पुलिस से कार्रवाई की मांग की है। मोहल्ला बालाजीपुरम तीनपानी निवासी मनोहर की घर के पास ही किराने की दुकान है। उनके अनुसार, पास में रहने वाला एक युवक अक्सर उनकी दुकान से उधार में सामान ले जाता था। शनिवार सुबह युवक दुकान पर आया तो उन्होंने उससे उधार के रुपये लौटाने को कहा।
कुछ देर बाद युवक के पिता दुकान पर पहुंचे और रुपये दे दिए, लेकिन रकम में 20 रुपये कम रह गए। इसी बात को लेकर युवक अपने कुछ साथियों के साथ दुकान में घुस आया और उनके साथ गाली-गलौज करते हुए अभद्रता करने लगा। दुकान पर शोर-शराबा होने पर आसपास के लोग एकत्र हो गए और बीचबचाव कर मामला शांत कराया। आरोप है कि जाते समय युवक और उसके साथी उन्हें धमकी देकर चले गए। मनोहर ने मामले की शिकायत पुलिस से कर कार्रवाई की मांग की है।
