उत्तराखंड के उधमसिंह नगर जिले के गदरपुर में एक अनोखा मामला सामने आया है। यहां एक युवती ने अपने प्रेमी की शादी रुकवा दी, जिसके बाद मामला इतना बढ़ गया कि पुलिस को मौके पर पहुंचना पड़ा। बाद में थाने में समझौते के बाद दूल्हा-दुल्हन को सात फेरे लेने पड़े।
जानकारी के अनुसार काशीपुर क्षेत्र की एक युवती की शादी गदरपुर स्थित एक मैरिज हॉल में तय थी। तय कार्यक्रम के अनुसार बारात धूमधाम से मैरिज हॉल पहुंची और शादी की रस्में शुरू हो चुकी थीं।
इसी दौरान अचानक एक युवती मैरिज हॉल में पहुंच गई और खुद को दूल्हे की प्रेमिका बताते हुए शादी का विरोध करने लगी। युवती ने आरोप लगाया कि उसका दूल्हे के साथ लंबे समय से प्रेम संबंध था और दूल्हा उसे धोखा देकर दूसरी शादी कर रहा है। प्रेमिका के अचानक पहुंचने से शादी समारोह में हड़कंप मच गया। दूल्हे के होश उड़ गए और दोनों पक्षों के परिजनों के बीच कहासुनी शुरू हो गई। देखते ही देखते माहौल तनावपूर्ण हो गया और समारोह में अफरा-तफरी मच गई।
मामले को बढ़ता देख किसी ने पुलिस को सूचना दे दी। सूचना मिलने पर थाना गदरपुर पुलिस मौके पर पहुंची और तीनों पक्षों को थाने ले गई। थाने में दोनों परिवारों और संबंधित युवाओं के बीच काफी देर तक बातचीत और पंचायत चली। बताया जा रहा है कि युवती ने पुलिस के सामने भी दूल्हे के साथ अपने प्रेम संबंध होने का दावा किया और शादी रोकने की मांग की।
हालांकि काफी देर तक चली बातचीत के बाद पुलिस ने दोनों पक्षों को समझाकर मामला शांत कराया। इसके बाद दूल्हा-दुल्हन को दोबारा विवाह की रस्में पूरी करने के लिए कहा गया और शादी की प्रक्रिया फिर से शुरू कराई गई। बताया जा रहा है कि थाने में ही विवाह की रस्में पूरी कराई गईं, जिसके बाद मामला शांत हुआ।
इस पूरे घटनाक्रम का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वीडियो में शादी समारोह के दौरान हंगामा और पुलिस की मौजूदगी देखी जा सकती है, हालांकि वीडियो की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हो सकी है। वहीं गदरपुर थाने के एसआई मुकेश मिश्रा ने बताया कि इस मामले में युवती की ओर से कोई लिखित शिकायत नहीं दी गई है। फिलहाल पुलिस ने दोनों पक्षों को समझाकर मामला शांत करा दिया है। घटना के बाद से इस अनोखी शादी की चर्चा इलाके में जोरों पर है।
