Illegally hook-tapping from high voltage power-line, causing power theft. Shot taken in Bihar.
हरिद्वार:-जनपद के पथरी क्षेत्र अंतर्गत बहादुरपुर जट गांव में बिजली चोरी के खिलाफ कार्रवाई करने पहुंची विजिलेंस टीम पर स्थानीय लोगों ने अचानक हमला बोल दिया। इस हिंसक घटना से पूरे इलाके में भारी तनाव फैल गया, जिसके बाद स्थिति को नियंत्रित करने के लिए मौके पर भारी पुलिस बल और पीएसी को तैनात करना पड़ा। विजिलेंस कर्मचारियों ने किसी तरह भागकर गुस्साई भीड़ से अपनी जान बचाई। प्राप्त जानकारी के अनुसार, बिजली विभाग को पिछले काफी समय से बहादुरपुर जट गांव में बड़े पैमाने पर बिजली चोरी की शिकायतें मिल रही थीं। इन शिकायतों के आधार पर बुधवार सुबह विभाग की विजिलेंस टीम सूचना को पुख्ता करने और छापेमारी के लिए गांव पहुंची थी। सात से आठ कर्मचारियों वाली इस टीम ने जैसे ही घरों और व्यावसायिक प्रतिष्ठानों के बिजली कनेक्शनों की जांच शुरू की, स्थानीय युवकों ने इसका कड़ा विरोध करना शुरू कर दिया और ग्रामीणों ने टीम को चारों ओर से घेर लिया। गांव में चेकिंग को लेकर अफवाह फैल गई, जिससे लोग अपने घरों से बाहर निकल आए। भीड़ ने कर्मचारियों के साथ धक्का-मुक्की की और उन पर हमला बोल दिया। घटना की गंभीरता को देखते हुए विजिलेंस टीम ने तुरंत उच्चाधिकारियों और स्थानीय पुलिस को सूचित किया। पथरी थानाध्यक्ष मनोज नौटियाल ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंच गई थी। फिलहाल विजिलेंस टीम की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए गांव में पुलिस और पीएसी तैनात है। पुलिस हमलावरों की पहचान कर उनके विरुद्ध कानूनी कार्रवाई की तैयारी कर रही है।
