IMG-20250107-WA0003

काशीपुर सुल्तानपुर पट्टी। हाईवे स्थित जीआईसी के पास एक चाय के खोखे पर खड़े एक युवक को कैंटर ने अपनी चपेट में ले लिया। हादसे में युवक की घटनास्थल पर ही मौत हो गई जबकि कैंटर पेड़ से टकरा कर क्षतिग्रस्त हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। यूपी के जिला संभल के शाहबाद निवासी राजवीर सिंह पुत्र लाखन सिंह सुल्तानपुर पट्टी स्थित एक फैक्टरी में ऑपरेटर के पद पर कार्य करता था। बताया जा रहा है कि बीते बुधवार की शाम करीब 5:30 बजे ड्यूटी खत्म कर वह फैक्टरी स्थित रूम पर चला गया। रात करीब 9:30 बजे वह अपने साथी तुषार के साथ सुल्तानपुर पट्टी स्थित जीआईसी के सामने चाय की दुकान पर चाय पीने गया था। इस दौरान रुद्रपुर की ओर से आ रहे कैंटर को पीछे से आ रहे तेज रफ्तार डंपर ने टक्कर मार दी।

टक्कर लगने से कैंटर चालक वाहन से नियंत्रण खो बैठा और खोखा के पास खड़े राजवीर सिंह को टक्कर मारते हुए एक पेड़ से टकरा गया। हादसे में राजवीर सिंह की घटनास्थल पर मौत हो गई जबकि उसका साथी तुषार चोटिल हो गया। बताया जा रहा है राजवीर कैंटर के पिछले पहिये में फंस गया था। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर लोगों की मदद से शव को निकालकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

उधर बृहस्पतिवार को पोस्टमार्टम हाउस पहुंचे परिजनों ने बताया कि बीती एक मार्च को राजवीर सिंह ने फैक्टरी में नौकरी ज्वाइन की थी। वह अपने पीछे दो बेटे और पत्नी सुषमा को रोता-बिलखता छोड़ गया है। परिजनों के मुताबिक 6 साल पहले उसकी शादी हुई थी। घटना से परिवार में कोहराम मच गया। सीओ विभव सैनी ने बताया कि मृतक के भाई विकास की तहरीर पर अज्ञात के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच चौकी प्रभारी मनीष खत्री को सौंपी गई है।

error: Content is protected !!