रुद्रपुर। ट्रांजिट कैंप निवासी युवक को यूट्यूब पर वीडियो में दिए गए नंबर पर कॉल करना महंगा पड़ गया। नंबर पर कॉल करने के बाद साइबर ठग ने उसे झांसे में ले लिया और एक लाख रुपये की ठगी कर ली। तहरीर के आधार पर ट्रांजिट कैंप कोतवाली पुलिस ने प्राथमिकी कर ली है। ठाकुर नगर ट्रांजिट कैंप निवासी धर्मपाल ने पुलिस को बताया कि 22 फरवरी को उसने अपने किसी परिचित को आठ हजार रुपये ऑनलाइन ट्रांसफर किए थे लेकिन रुपये जब परिचित के पास नहीं पहुंचे तो उसने समाधान के लिए यूट्यूब पर एक वीडियो देखा। उसमें एक नंबर दिया गया था। उस पर कॉल करने पर एक व्यक्ति ने खुद को कस्टमर केयर का अधिकारी बताया और समस्या के हल का विश्वास देकर झांसा में ले लिया।
इस दौरान युवक ने कॉलर के कहे अनुसार एक एप डाउनलोड किया और कॉलर के बताए कुछ विकल्पों पर क्लिक किया। इसके बाद उनसे युवक का बैंक बैलेंस चेक करने के लिए और एक ओटीपी भेजा। जैसे ही युवक ने ओटीपी साझा किया तो उसके खाते से कुल एक लाख रुपये निकल गए। तब युवक को अपने साथ ठगी का एहसास हुआ। सीओ प्रशांत कुमार ने बताया कि तहरीर के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
