02_10_2025-pilibhit_news_24067921_m

जसपुर। सऊदी अरब में नौकरी दिलाने के कारोबार में साझेदारी का झांसा देकर पांच लाख रुपये हड़पने का मामला सामने आया है। रकम वापस मांगने पर आरोपियों पर घर में घुसकर मारपीट करने और जान से मारने की धमकी देने का आरोप है। पुलिस ने दो भाइयों समेत तीन लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

मोहल्ला जुलाहान निवासी फराहीम ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उसकी पहचान मोहल्ले के ही शाहबुद्दीन, मोहम्मद दानिश और सलीम उर्फ मुरसलीन से थी। आरोप है कि तीनों ने उसे सऊदी अरब में नौकरी दिलाने के कारोबार में साझेदार बनाने का भरोसा दिलाया और उससे पांच लाख रुपये ले लिए।

पीड़ित का आरोप है कि रकम लेने के बाद न तो विदेश में नौकरी दिलाने का काम किया गया और न ही पैसे वापस किए गए। जब उसने अपनी रकम मांगी तो आरोपियों ने उसके घर में घुसकर मारपीट की और जान से मारने की धमकी दी।

कोतवाल राजेश पांडेय ने बताया कि एसएसपी के निर्देश पर आरोपियों के खिलाफ धोखाधड़ी, मारपीट, घर में घुसकर हमला और धमकी देने समेत विभिन्न धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की गई है। मामले की जांच की जा रही है।

error: Content is protected !!