तीर्थनगरी ऋषिकेश में सोमवार शाम एक बड़ा हादसा टल गया, जब पुलिस महानिरीक्षक (प्रशिक्षण) अनंत शंकर ताकवाले की सरकारी कार दुर्घटनाग्रस्त हो गई। सात मोड़ के पास सामने से आ रही एक कार ने उनकी गाड़ी को टक्कर मार दी। राहत की बात यह रही कि हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई।
जानकारी के अनुसार, अनंत शंकर नरेंद्र नगर स्थित पुलिस प्रशिक्षण महाविद्यालय में पुलिस उपाधीक्षक प्रशिक्षुओं के दीक्षांत समारोह में शामिल होने पहुंचे थे। कार्यक्रम समाप्त होने के बाद वे देहरादून लौट रहे थे। इसी दौरान शाम करीब साढ़े चार बजे सात मोड़ के पास विपरीत दिशा से आ रही एक कार अनियंत्रित होकर उनकी गाड़ी से टकरा गई। पुलिस के मुताबिक, दूसरी कार के चालक ने अपनी गलती स्वीकार करते हुए बताया कि उसे अचानक नींद की झपकी आ गई थी, जिससे वह वाहन पर नियंत्रण खो बैठा। टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोनों वाहन क्षतिग्रस्त हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंच गई और स्थिति को संभाला। क्षतिग्रस्त वाहनों को सड़क से हटाकर यातायात सुचारू कराया गया। आईजी की कार को रानीपोखरी थाने ले जाया गया, जबकि दूसरी कार को कोतवाली ऋषिकेश में खड़ा कराया गया है। सीओ नीरज सेमवाल ने बताया कि मामले में आवश्यक कार्रवाई की जा रही है और दोनों वाहनों को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी गई है।
