नानकमत्ता । सिडकुल से ड्यूटी कर घर लौट रहे एक युवक के साथ मारपीट, नगदी लूटने और अप्राकृतिक दुष्कर्म किए जाने का मामला सामने आया है। घटना के बाद ग्रामीणों ने दो आरोपितों को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया, जबकि तीसरा आरोपित फरार हो गया। उसकी गिरफ्तारी और क्षेत्र में नशे के कारोबार पर अंकुश लगाने की मांग को लेकर खटीमा विधायक भुवन कापड़ी के नेतृत्व में ग्रामीणों ने नानकमत्ता कोतवाली में धरना दिया।
पुलिस को दी गई तहरीर के अनुसार बिसोटा गांव निवासी पवन सिंह सोमवार देर रात सिडकुल की एक कंपनी से ड्यूटी कर घर लौट रहा था आरोप है कि मच्छीझाला के पास तीन युवकों ने उन्हें रोक लिया। आरोपितों ने चाकू दिखाकर मारपीट की, जेब में रखी नगदी निकाल ली और कपड़े उतरवाकर उनके साथ अप्राकृतिक दुष्कर्म किया।
घटना की जानकारी मिलते ही ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। ग्रामीणों ने दो आरोपितों को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया, जबकि मुख्य आरोपित फरार हो गया। पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने झनकट निवासी दीपक, मनोज भाटिया और बेरिया घाट निवासी गोपी के खिलाफ कार्यवाही की जा रही है।
घटना से आक्रोशित ग्रामीण दोपहर में खटीमा विधायक भुवन कापड़ी के नेतृत्व में कोतवाली पहुंचे। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि बिसोटा क्षेत्र में लंबे समय से स्मैक का अवैध कारोबार चल रहा है और इसी कारण ऐसी घटनाएं बढ़ रही हैं। उन्होंने मुख्य आरोपित की शीघ्र गिरफ्तारी और नशे के कारोबार पर प्रभावी कार्रवाई की मांग की। धरने के दौरान तेज बारिश शुरू होने के बावजूद बड़ी संख्या में महिलाएं छाते लेकर प्रदर्शन स्थल पर डटी रहीं। पुलिस अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों ने उन्हें समझाने का प्रयास किया, लेकिन वे आरोपित की गिरफ्तारी के आश्वासन पर ही धरने से उठने को तैयार हुए। इस मौके पर विधायक भुवन कापड़ी, गांव की प्रधान जमुना देवी, पूर्व जिला पंचायत सदस्य दया किशन कॉलोनी, ग्राम प्रधान नरेश सिंह राणा रेखा राना मंजू राणा समेत सैकड़ो महिलाएं उपस्थित रही।
24 घंटे में गिरफ्तारी के आश्वासन पर समाप्त हुआ धरना
कोतवाल संजय पाठक ने प्रदर्शनकारियों को 24 घंटे के भीतर मुख्य आरोपित को गिरफ्तार करने और सभी आरोपितों के खिलाफ सख्त कार्रवाई का भरोसा दिया। इसके बाद ग्रामीणों ने धरना समाप्त किया। साथ ही चेतावनी दी कि यदि समय सीमा में गिरफ्तारी नहीं हुई तो वे अगले दिन फिर आंदोलन करेंगे। मुख्य आरोपित की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीमें लगी हैं। क्षेत्र में नशे के कारोबार के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है। जल्द ही फरार आरोपित को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।” – संजय पाठक, कोतवाल नानकमत्ता क्षेत्र में लंबे समय से नशे के कारोबार की शिकायतें मिल रही थीं। युवक के साथ हुई घटना से ग्रामीणों में आक्रोश है। पुलिस ने शीघ्र कार्रवाई का आश्वासन दिया है और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होनी चाहिए।” – भुवन कापड़ी, विधायक खटीमा
