80608197-1790742708599_m

रुद्रपुर । सरदार भगत सिंह राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय में मंगलवार को छात्रसंघ चुनाव के लिए मतदान और मतगणना की प्रक्रिया पूरी हो गई। देर रात घोषित परिणाम में निर्दलीय गौरव कुशवाह ने अध्यक्ष पद पर जीत का परचम फहरा दिया। उन्होंने अभाविप समर्थित अभिषेक सिंह को पराजित किया। गौरव कुशवाह को 1170 वोट मिले जबकि अभिषेक को 779 मत मिले। कुल 7718 मतदाताओं में से 3362 छात्र-छात्राओं ने मतदान किया। गौरव की जीत की घोषणा होते ही रामपुर हाईवे के किनारे जमे उनके समर्थक ढोल-नगाड़ों की थाप पर झूम उठे। फूल-मालाओं से लादकर उनका स्वागत किया गया।

सरदार भगत सिंह राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय में मंगलवार को छात्रसंघ चुनाव के लिए सुबह नौ बजे मतदान शुरू हुआ जो दोपहर दो बजे तक चला। 7718 मतदाताओं में से बहुत कम 3362 विद्यार्थियों ने ही वोट डाले। इस तरह कालेज में 43.56 प्रतिशत मतदान हुआ। शाम तीन बजे से मतगणना शुरू हो गई। भारी सुरक्षा व्यवस्था के बीच हुई मतगणना का परिणाम देर रात करीब 10 बजे घोषित कर दिया गया। चुनाव अधिकारी के मुताबिक अध्यक्ष पद के तीसरे नंबर पर रहे प्रत्याशी विपुल मंडल को 629 मत मिले।

चुनाव अधिकारी डा. सर्वजीत सिंह ने बताया कि उपाध्यक्ष पद पर ज्योति मिश्रा ने 1109 मत, सचिव पद पर गुरबाज सिंह ने 1969 और संयुक्त सचिव पद पर हरमन कौर ने 1620 मत प्राप्त कर जीत दर्ज कराई। कोषाध्यक्ष पद पर रिया गुप्ता को 2397 मत मिले, जबकि कला संकाय प्रतिनिधि पद पर गौरव को 569 और वाणिज्य संकाय प्रतिनिधि पद पर आकाश कुमार को 327 मत प्राप्त हुए। मतगणना पत्रक में इन प्रत्याशियों को विजेता के रूप में दर्ज किया गया।

error: Content is protected !!