रुद्रपुर। ऊधम सिंह नगर के रुद्रपुर स्थित पार्क हॉस्पिटल में मरीज की मौत के बाद बिल के भुगतान को लेकर विवाद हो गया। आरोप है कि अस्पताल कर्मचारियों ने 28 हजार रुपये की मांग करते हुए मृतक के दो रिश्तेदारों को अस्पताल में रोक लिया। परिजनों की शिकायत पर विधायक शिव अरोड़ा मौके पर पहुंचे और पुलिस बुलाकर दोनों को अस्पताल से छुड़वाया। जानकारी के मुताबिक, बिलासपुर निवासी विशाल गिरि की दोपहर में अचानक तबीयत बिगड़ गई थी। परिजन उन्हें लेकर रुद्रपुर के पार्क हॉस्पिटल पहुंचे। परिजनों का आरोप है कि अस्पताल के अंदर ले जाते समय ही उनकी मौत हो गई थी। अस्पताल की रिपोर्ट में भी मौत दर्ज होने की बात कही गई है। परिजनों ने शुरुआत में अस्पताल में 10 हजार रुपये जमा किए थे। करीब आधे घंटे बाद उन्हें विशाल गिरि की मौत की जानकारी दी गई। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।
28 हजार रुपये मांगने का आरोप
मृतक की मौत के बाद अस्पताल की ओर से अन्य रिश्तेदारों को भी बुलाया गया। आरोप है कि अस्पताल पहुंचे दो रिश्तेदारों से कर्मचारियों ने 28 हजार रुपये जमा करने को कहा। रुपये नहीं देने पर दोनों को अस्पताल से जाने नहीं दिया गया।
विधायक ने पुलिस बुलाकर छुड़वाया
दोनों रिश्तेदारों ने पोस्टमार्टम हाउस में मौजूद परिजनों को इसकी जानकारी दी। इसके बाद परिजनों ने विधायक शिव अरोड़ा से शिकायत की। विधायक पोस्टमार्टम हाउस पहुंचे और पुलिस अधिकारियों को फोन कर मामले की जांच के निर्देश दिए। विधायक शिव अरोड़ा ने पुलिस बुलाकर दोनों रिश्तेदारों को अस्पताल से छुड़वाया। उन्होंने कहा कि किसी को इस तरह परेशान करना बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। फिलहाल पुलिस ने अस्पताल प्रबंधन पर लगे आरोपों की जांच शुरू कर दी है।
