रिपोर्ट:- बादल गंगवार
रुद्रपुर। नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत रुद्रपुर कोतवाली पुलिस ने गिल रिसोर्ट के पास एक युवक को 456 प्रतिबंधित कैप्सूल के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है। उसे न्यायालय में पेश करने की तैयारी की जा रही है।
पुलिस के मुताबिक, उत्तराखंड को नशामुक्त बनाने के अभियान के तहत जिले में नशे के अवैध कारोबार में शामिल लोगों के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर पुलिस टीम क्षेत्र में चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान शाम को गिल रिसोर्ट के पास एक संदिग्ध युवक को रोककर तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान उसके पास से 456 प्रतिबंधित कैप्सूल बरामद हुए।
पुलिस ने कैप्सूल कब्जे में लेकर युवक को गिरफ्तार कर लिया। बरामद कैप्सूल में Dicyclomine HCl, Tramadol HCl और Acetaminophen का संयोजन पाया गया। आरोपी की पहचान रोशन कोली निवासी वार्ड नंबर 22, रम्पुरा, रुद्रपुर के रूप में हुई है।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ कोतवाली रुद्रपुर में धारा 8/22 एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि आरोपी प्रतिबंधित कैप्सूल कहां से लाया था और इन्हें किन लोगों तक पहुंचाने की तैयारी थी। इस अवैध कारोबार से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच की जा रही है।
