रुद्रपुर। भदईपुरा मोहल्ले में चोरी का मोबाइल पकड़े जाने पर हुए विवाद में एक युवक पर चाकू से हमला कर दिया गया। आरोपी के साथी ने युवक के पेट में चाकू घोंपकर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया। घायल का जिला अस्पताल में उपचार कराया गया। मामले में पुलिस को तहरीर दी गई है।
जानकारी के अनुसार, भदईपुरा निवासी दीपक गोस्वामी टेलरिंग का काम करता है। दीपक के मुताबिक, उसके मामा का मोबाइल दुकान से चोरी हो गया था। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने पर दो युवक मोबाइल चोरी करते दिखाई दिए।
शक होने पर दीपक ने अपने चचेरे भाई को दुकान के पास युवकों की तलाश में भेजा। कुछ देर बाद उसने एक युवक के वहां खड़े होने की जानकारी दी। दीपक मौके पर पहुंचा तो युवक के हाथ में चोरी हुआ मोबाइल था। दीपक ने उसके हाथ से मोबाइल ले लिया और गुस्से में उसे थप्पड़ मार दिए।
आरोप है कि इसी दौरान युवक के साथ खड़े दूसरे युवक ने दीपक के पेट में चाकू घोंप दिया। इसके बाद दोनों आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए मौके से फरार हो गए। घायल दीपक को जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसका प्राथमिक उपचार किया गया। दीपक का कहना है कि अस्पताल में अल्ट्रासाउंड की सुविधा उपलब्ध नहीं होने के कारण उसे आगे जांच और उपचार के लिए दूसरी जगह जाना पड़ा। घटना की तहरीर पुलिस को दे दी गई है।
