1755693796-3599

ऑनलाइन गेमिंग के जरिये मोटा मुनाफा दिलाने का लालच देकर एक युवक से करीब 1.77 करोड़ रुपये की ठगी हो गई। पीड़ित युवक की शिकायत पर साइबर क्राइम पुलिस स्टेशन में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। एसएसपी एसटीएफ अजय सिंह ने बताया कि यह पैसा उसके पिता को मुआवजे में मिला था। पुलिस को दी गई शिकायत में अभिमन्यु निवासी बेहड़ेकी सैदाबाद, झबरेड़ा, हरिद्वार ने बताया कि उसने जनवरी 2025 में प्ले स्टोर से स्पोर्ट्स बाज्जी, प्रोबू और ड्रीम 11 नामक गेमिंग एप डाउनलोड कर ऑनलाइन गेम खेलना शुरू किया था। इससे उसे गेम खेलने की लत लग गई।

जून 2025 में उसने यूट्यूब पर एक नई गेमिंग वेबसाइट विनअड्डा का विज्ञापन देखा। इसके बाद उसके व्हाट्सएप नंबर पर कई अंतरराष्ट्रीय नंबरों से लिंक भेजे गए, जिनके जरिये उसे गेम खेलने के लिए प्रेरित किया गया। शुरुआत में कुछ लाभ दिखाकर उसका भरोसा जीत लिया गया। आरोपियों के कहने पर उसने जनवरी 2025 से दिसंबर 2025 के बीच अपने और अपने पिता के विभिन्न बैंक खातों से यूपीआई के माध्यम से कुल एक करोड़ 77 लाख 53 हजार 960 रुपये से अधिक की रकम ट्रांसफर कर दी।

बाद में जब उसने पैसे निकालने की कोशिश की तो आरोपियों ने पैसे लौटाने से इनकार कर दिया। साथ ही और रकम डालने का दबाव बनाने लगे। पीड़ित का कहना है कि आरोपियों ने फर्जी गेमिंग एप और वेबसाइट के माध्यम से अधिक लाभ कमाने का झांसा देकर उससे धोखाधड़ी की है। एसएसपी एसटीएफ अजय सिंह ने बताया कि मामले में साइबर पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

error: Content is protected !!