जनपद में गैस सिलेंडर की स्थिति को लेकर फैल रही अफवाहों के बीच जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया ने जनता से संयम और सहयोग बनाए रखने की अपील की है। उन्होंने कहा कि प्रशासन लगातार स्थिति पर नजर रखे हुए है और गैस की आपूर्ति सुचारु बनाए रखने के लिए संबंधित विभागों के साथ समन्वय कर आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं।
कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों के साथ बैठक कर गैस आपूर्ति की समीक्षा की। उन्होंने बताया कि जनपद की सभी गैस एजेंसियों पर उपजिलाधिकारियों द्वारा लगातार निरीक्षण किया जा रहा है और लोगों को सही जानकारी दी जा रही है कि गैस की आपूर्ति में किसी प्रकार का कोई संकट नहीं है।
जिलाधिकारी ने लोगों से अपील की कि अनावश्यक रूप से परेशान न हों और किसी भी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान न दें। साथ ही अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि गैस की कालाबाजारी, ओवररेटिंग और अवैध रिफिलिंग करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जनपद में गैस की पर्याप्त उपलब्धता है और आम जनता को घबराने की जरूरत नहीं है।
