रुद्रपुर। माता-पिता की डांट से नाराज होकर चार भाई-बहन दिल्ली से रुद्रपुर पहुंच गए। ट्रांजिट कैंप पुलिस ने चारों बच्चों को अपने संरक्षण में ले लिया है। साथ ही बच्चों की सूचना दिल्ली पुलिस को दे दी है। पुलिस के यहां पहुंचने पर बच्चों को उनकी सुपुर्दगी में दिया जाएगा।
कोतवाल मोहन चंद्र पांडेय ने बताया कि शुक्रवार की सुबह लगभग 11 बजे ट्रांजिट कैंप क्षेत्र में चार बच्चे एक स्थान पर गुमसुम बैठे थे। बच्चों में दो नाबालिग बच्चियां व दो किशोर थे। आसपास के लोगों ने बच्चों की जानकारी स्थानीय भाजपा नेता और पुलिस को दी। उन्होंने बताया कि चारों बच्चे दिल्ली के निहाल विहार थाना क्षेत्र के रहने वाले हैं। कुछ दिन पहले माता-पिता ने उन्हें डांट दिया था। इसके बाद वह पहले ट्रेन में चढ़े, लेकिन बाद में बस के जरिए रुद्रपुर पहुंच गए, लेकिन उन्हें यह नहीं पता था कि वह कहां- कहां गए। मामला गंभीर होने पर कोतवाल पांडेय टीम के साथ पहुंचे और बच्चों से जानकारी लेने के बाद अपने संरक्षण में ले लिया। बताया कि बच्चे माता पिता की डांट के बाद रुद्रपुर पहुंच गए। परिजन और संबंधित दिल्ली थाना पुलिस को सूचना दे दी है। टीम दिल्ली से परिजनों के साथ रुद्रपुर के लिए रवाना हो चुकी है।
