बिल्हौर के शिवराजपुर थाना क्षेत्र में एक नाबालिग किशोरी को बहला-फुसलाकर भगा ले जाने का मामला सामने आया है। पीड़ित पिता की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी युवक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर किशोरी और आरोपी की तलाश शुरू कर दी है।
शिवराजपुर थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी किसान ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उनकी 17 वर्षीय बेटी सोमवार रात घर से अचानक लापता हो गई। परिजनों ने घर और आसपास के गांवों में काफी तलाश की, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं मिला। पिता ने आरोप लगाया है कि सुघरदेवा गांव निवासी दीपू पुत्र सुनील दिवाकर उनकी बेटी को बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गया है। उन्होंने यह भी बताया कि किशोरी घर से जाते समय लगभग दस हजार रुपये नकद और एक मोबाइल फोन भी साथ ले गई है।
परिजनों ने किशोरी के मोबाइल नंबर पर संपर्क करने का प्रयास किया, लेकिन फोन बंद मिला। इस घटना के बाद से परिवार के सदस्य काफी परेशान हैं और लगातार उसकी तलाश कर रहे हैं मामले की सूचना मिलने पर शिवराजपुर थाना पुलिस ने प्राप्त तहरीर के आधार पर आरोपी युवक के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस टीम किशोरी और आरोपी की तलाश में आसपास के क्षेत्रों में छापेमारी कर रही है।
थाना प्रभारी अमित सिंह ने जानकारी दी कि परिजनों की शिकायत पर मामला दर्ज कर लिया गया है। किशोरी की बरामदगी के लिए पुलिस टीम गठित की गई है। उन्होंने बताया कि जल्द ही दोनों को ढूंढकर आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
