श्रद्धालुओं को बिना मोबाइल के ही मिलेगा प्रवेश, हथियार पूरी तरह प्रतिबंधित; सिख श्रद्धालुओं को कृपाण रखने की छूट।
राम मंदिर परिसर में आने वाले श्रद्धालुओं के लिए नए सुरक्षा नियम लागू किए गए हैं। मंदिर प्रशासन ने साफ किया है कि अब मंदिर परिसर के अंदर मोबाइल फोन ले जाने की अनुमति नहीं होगी। यह फैसला आगामी त्योहारों और बढ़ती श्रद्धालुओं की भीड़ को ध्यान में रखते हुए लिया गया है।
श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के सचिव चंपत राय ने एक वीडियो संदेश जारी कर श्रद्धालुओं को नए नियमों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि मंदिर परिसर की सुरक्षा और व्यवस्था बनाए रखने के लिए मोबाइल फोन समेत कई चीजों पर प्रतिबंध लगाया गया है।
ट्रस्ट के अनुसार, यदि कोई व्यक्ति निजी सुरक्षाकर्मियों के साथ मंदिर परिसर में आता है तो उसे भी प्रवेश की अनुमति नहीं दी जाएगी। इसके अलावा लाइसेंसी रिवॉल्वर, तलवार, बंदूक या अन्य किसी भी प्रकार के हथियार को परिसर के अंदर ले जाना पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा।
हालांकि सिख समुदाय के श्रद्धालुओं को उनके धार्मिक अधिकारों के तहत छूट दी गई है। सिख श्रद्धालु गले में पहनी जाने वाली छोटी कृपाण मंदिर परिसर में लेकर जा सकते हैं। यह छूट केवल सिख समुदाय के लोगों के लिए लागू होगी।
ट्रस्ट ने यह भी बताया कि 19 मार्च से शुरू हो रहे चैत्र नवरात्रि के दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के अयोध्या पहुंचने की संभावना है। इस दौरान व्रत रखने वाले श्रद्धालुओं के लिए मंदिर परिसर में फल, मखाना, मूंगफली और आलू के चिप्स जैसी व्रत की सामग्री उपलब्ध कराई जाएगी।
इसके अलावा श्रद्धालुओं के लिए पीने के पानी की समुचित व्यवस्था की जाएगी और सभा क्षेत्र के पास शौचालय की सुविधा भी उपलब्ध रहेगी। मंदिर प्रशासन जल्द ही श्रद्धालुओं के लिए प्रवेश द्वारों और अन्य व्यवस्थाओं से जुड़ी विस्तृत जानकारी भी साझा करेगा।
