कानपुर देहात। रसूलाबाद क्षेत्र के रामगंगा नहर में डूबे युवक का शव शाहबाजपुर बंबा के पास बरामद किया गया। युवक दो दिन पहले मेला देखने के दौरान नहर में गिर गया था। मेला घूमने के दौरान पास से गुजर रही रामगंगा नहर में जवारे विसर्जन का कार्यक्रम चल रहा था। इसी दौरान युवक फिसलकर नहर में गिर गया और तेज बहाव के कारण पानी में बह गया।
युवक की तलाश के लिए एसडीआरएफ की टीम लगाने के बाद सफलता मिली। रामगंगा नहर में डूबे युवक का शव दिनांक 14.03.2026 को करीब दोपहर शाहबाजपुर बंबा के पास बरामद किया गया। मृतक की पहचान सतीश कुमार निवासी दिनकरपुर गांव, थाना शिवराजपुर जिला कानपुर के रूप में हुई है। सतीश मंगलवार को कानपुर देहात के रसूलाबाद क्षेत्र के पटवापुर गडरिया पुरवा स्थित अपनी ससुराल गया था। बताया गया कि गुरुवार को वह गांव के धर्मपाल और रामप्यारे के साथ स्थानीय लाला भगत का मेला देखने गया था। मेला घूमने के दौरान पास से गुजर रही रामगंगा नहर में जवारे विसर्जन का कार्यक्रम चल रहा था। इसी दौरान सतीश फिसलकर नहर में गिर गया और तेज बहाव के कारण वह पानी में बह गया था।
टीम द्वारा लगातार दो दिन की तलाशी में मृतक का मिला शव।
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग, गोताखोर और पुलिस मौके पर पहुंच गई। इसके बाद एसडीआरएफ की टीम को भी बुलाया गया। टीम ने दो दिनों तक नहर में लगातार तलाशी अभियान चलाया। शनिवार सुबह प्रशासन और पुलिस की मौजूदगी में फिर से सर्च ऑपरेशन शुरू किया गया। इसी दौरान शाहबाजपुर नहर पुल के पास बंबा में युवक का शव फंसा हुआ दिखाई दिया, जिसे एसडीआरएफ टीम ने बाहर निकाल लिया।
इस दौरान मौके पर तहसीलदार संतोष कुमार सिंह, कानूनगो अनिल कुमार, रसूलाबाद कोतवाल एसएन सिंह और तिश्ती चौकी प्रभारी बृजेश सिंह पुलिस बल के साथ मौजूद रहे। शव मिलने की सूचना पर मृतक की पत्नी और अन्य परिजन भी मौके पर पहुंच गए। पुलिस ने शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। रसूलाबाद पुलिस क्षेत्राधिकारी ने बताया कि सतीश के साथ गए लोगों से पूछताछ की गई है। परिजनों की ओर से अभी थाने में तहरीर कोई नहीं दी गई है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
