ऊधमसिंह नगर। बाजपुर निवासी विमल भारती उर्फ गोल्डी निर्भीक ने रुद्रपुर के सिटी क्लब में प्रेस वार्ता कर पुलिस पर अभद्रता और झूठे मुकदमे में फंसाने का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि वह डिजिटल प्लेटफॉर्म पर खबरें चलाते हैं। 13 नवंबर को बाजपुर पुलिस बिना नोटिस उनके घर पहुंची और अतिक्रमण के नाम पर जबरन तोड़फोड़ की।
इस दौरान उनका मोबाइल छीन लिया गया और उनके साथ अमानवीय व्यवहार करते हुए कोतवाली ले जाया गया। जहां उन्हें प्रताड़ित किया गया। विमल भारती का आरोप है कि पीडब्ल्यूडी की सहायक अभियंता के प्रार्थना पत्र के आधार पर उनके खिलाफ फर्जी मुकदमा दर्ज किया गया।
साथ ही उनका फोन और जीमेल आईडी का पासवर्ड हासिल कर चैनल की प्रोफेशनल आईडी का डाटा डिलीट कर दिया गया। उन्होंने बताया कि 15 दिसंबर को राष्ट्रीय अनुसूचित जाति आयोग, राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग, डीजीपी और गृह सचिव से शिकायत की, लेकिन कार्रवाई नहीं हुई।
